देश में हुक्का बार और ई-सिगरेट पर लगेगा प्रतिबंध

2/17/2019 10:51:15 AM

चंडीगढ़(अर्चना): हरियाणा के तम्बाकू नियंत्रण विभाग ने राज्य में ई-सिगरेट और हुक्का बार पर प्रतिबंध लगाए जाने को लेकर एक एडवाइजरी सरकार को भेजी है। विभाग का कहना है कि विभिन्न जिलों में धड़ल्ले से चल रहे हुक्का बार में कम उम्र के युवा फ्लेवर्ड हुक्के के आदी हो रहे हैं। यही स्थिति ई-सिगरेट की भी है। 

एडवाइजरी कहती है कि समय रहते अगर ई-सिगरेट पर रोक न लगाई गई तो आने वाले समय में इसके बुरे नतीजे सामने आ सकते हैं। तम्बाकू के खात्मे के लिए विभाग ने हाल ही में हिसार और रोहतक जिले में चल रहे कई हुक्का बार पर रेड की। हुक्का बार में कई फ्लेवर्स के हुक्के मिले। इसके बाद बार मालिकों को जुर्माना भी ठोका गया।

 सिगरेट एंड अदर टोबैको प्रोडक्ट एक्ट-2003 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमों के अंतर्गत कार्रवाई भी की गई। आंकड़ों की मानें तो नियमों के खिलाफ तम्बाकू की बिक्री करने पर हरियाणा में 4,414 लोगों के चालान कर 2,18,379 रुपए जुर्माना लगाया गया। एंटी टोबैको कंट्रोल विंग के नोडल ऑफिसर्स ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने में यमुनानगर, फतेहाबाद, हिसार, सिरसा, कुरुक्षेत्र, अम्बाला, पंचकूला जिले सबसे आगे रहे। यमुनानगर में तम्बाकू उत्पादों का विज्ञापन करने, छोटी उम्र के बच्चों को सिगरेट बेचने, सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने पर 595 लोगों के चालान किए गए।

फतेहाबाद में 588 चालान किए गए, हिसार जिले में 514 लोगों के चालान किए गए, सिरसा में 386 चालान, कुरुक्षेत्र में 281 चालान, अम्बाला में 254 चालान, पंचकूला में 113 लोगों पर जुर्माना ठोका गया, करनाल में 81 लोगों के चालान किए गए, सोनीपत में 63 लोगों पर जुर्माना लगाया गया, रोहतक में 56 लोगों ने तम्बाकू नियंत्रण नियमों का मजाक उड़ाया, पानीपत में 43 चालान किए गए, कैथल में 25 लोगों के चालान किए गए। 

स्कूली बच्चों को कियाजा रहा जागरूक 
हरियाणा के स्वास्थ्य विभाग की तम्बाकू नियंत्रण विंग ने तम्बाकू के खिलाफ स्कूल के बच्चों को जागरूक करने के लिए स्कूलों में जागरूकता शिविर और रैलियों का आयोजन किया। राज्य के 1100 से अधिक स्कूलों के 3.5 लाख के करीब बच्चों को तम्बाकू सेवन से होने वाले नुक्सानों से अवगत करवाया गया। बच्चों के साथ स्कूल के शिक्षकों ने भी तम्बाकू से खुद को दूर रखने की शपथ ली। फैक्टरियों में काम करने वाले वर्कर्स को भी तम्बाकू के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई। 

शादियों में सप्लाई कर रहे हुक्का
नैशनल टोबैको कंट्रोल प्रोग्राम की डिप्टी डायरैक्टर डा. रीटा कोतवाल का कहना है कि राज्य में बहुत-सी ऐसी शादियां हो रही हैं, जहां शान दिखाने के लिए लोग फ्लेवर्ड हुक्का भी मेहमानों के लिए रख रहे हैं। हुक्का बार की मदद से शादी समारोहों में हुक्के की सप्लाई की जा रही है। हरियाणा में कितने हुक्का बार चल रहे हैं, इसको लेकर भी विभाग द्वारा जल्द सर्वे करवाया जाएगा।

डा. कोतवाल का कहना है कि सिगरेट, पान, गुटखा की तरह ई-सिगरेट भी स्वास्थ्य के लिए बहुत घातक है। हरियाणा सरकार को एडवाइजरी भेजकर ई-सिगरेट और हुक्का बार पर प्रतिबंध लगाने के लिए कहा गया है। सरकार की मंजूरी मिलते ही हुक्का बार और ई-सिगरेट बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी दुकानें जो सिगरेट, गुटखा बेचने के साथ उनके विज्ञापनों को प्रोमोट कर रही हैं या 18 साल से कम उम्र के बच्चों को सिगरेट बेच रही हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।  
 

Deepak Paul