आज हम जो स्वतंत्र देश में सांस ले रहे हैं, यह हमारे देश के अमर शहीदों की कुर्बानियों का परिणाम है: बन्तो कटारिया

8/13/2022 6:44:28 PM

चंडीगढ़ (धरणी) : भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती बन्तो कटारिया ने बराड़ा और अंबाला शहर में आयोजित तिरंगा यात्रा में भाग लिया और कहा कि आज हम जो स्वतंत्र देश में सांस ले रहे हैं, यह हमारे देश के हजारों-लाखों अमर शहीदों की कुर्बानियों का परिणाम है। आज जब हम आजादी का 75वा अमृत महोत्सव मना रहे हैं, तो हमारा यह दायित्व है कि हम अपने अमर शहीदों को नमन करें और अपनी आने वाली पीढ़ियों को अपने देश के शहीदों और अपनी अमिट संस्कृति की गौरव गाथाएं सुनाएं।

बन्तो कटारिया ने कहा कि यह जो तिरंगा झंडा लहराने का हमें जो सम्मान प्राप्त हो रहा है, यह वीर शहीदों की देन है। इसीलिए तिरंगे में सबसे पहले केसरिया रंग को शामिल किया गया है, जो देश की ताकत, शौर्य, वीरों की कुर्बानियों और त्याग को दर्शाता है। श्वेत रंग धर्म चक्र के साथ शांति और सत्य का प्रतीक है। हरे रंग की पट्टी देश के शुभ, विकास और उर्वरता को दर्शाती है। हर घर तिरंगा अभियान का हेतू भी यही है कि देश का हर नागरिक अपने तिरंगे राष्ट्र और शहीदों के सम्मान में आदर भाव से खड़ा हो। 

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देश की आजादी के लिए सब लोगों ने साथ मिलकर लड़ाई लड़ी थी उसी प्रकार आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हम सब को मिलकर अपने देश को विश्व गुरु बनाने के लिए प्रयास करने की आवश्यकता है। आज भारत हर क्षेत्र में उन्नति और विकास कर रहा है। कृषि, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी, रक्षा, अंतरिक्ष हर क्षेत्र में भारत विश्व पटल पर अपनी विशेष पहचान बना रहा है। आज भारत यूनिकॉर्न की सूची में विश्व में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है, जो देश की विकास की रफ्तार को दर्शाता है। इसलिए आइए हम सब देशवासियों के सहयोग से अपने देश को विश्व गुरु बनाने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़े।

Content Writer

Manisha rana