CBSE 12वीं का रिजल्ट घोषित, पंचकूला रीजन में लड़कियों ने मारी बाजी

5/26/2018 4:12:01 PM

पंचकूला(चंद्रशेखर धरणी): केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा आज 12वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया। पंचकूला स्थित सीबीएसई कार्यालय द्वारा पंचकूला रीजन के अंतर्गत आते 5 राज्यों पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और चंडीगढ़ का रिजल्ट घोषित किया गया है। इस बार भी हर बार की तरह लड़कियों ने बाजी मारते हुए ज्यादा अच्छा परिणाम लाई हैं। 

सीबीएसई के क्षेत्रीय अधिकारी आर.जे. खांडेराव ने बताया कि इस वर्ष पिछले साल के मुकाबले रिजल्ट प्रतिशत बढ़ा है। इस बार का 12वीं का रिजल्ट प्रतिशत 85.65 है जबकि पिछले साल 2017 में 12वीं का ओवरआल रिजल्ट 83.70 प्रतिशत था। उन्होंने बताया कि इस बार कुल 2 लाख 218  रेगुलर व प्राइवेट कैंडिडेट्स ने 12वीं की परीक्षा पास की है, जिसमे से 1 लाख 87 हजार 752 कैंडिडेट रेगुलर हैं। उन्होंने बताया कि 12वीं की परीक्षा में 90.65 लड़कियों ने जबकि 81.84 प्रतिशत लड़कों ने पास की है। 

खांडेराव ने बताया कि 12वीं की परीक्षा में सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों की 78.30 प्रतिशत लड़कियों व 69.95 प्रतिशत लड़कों जबकि प्राइवेट स्कूलों की 91.07 प्रतिशत लड़कियों व 81.63 प्रतिशत लड़कों ने 12वीं की परीक्षा पास की है। जवाहर नवोदय विद्यालय की 98.64 प्रतिशत लड़कियों व 96.96 लड़कों ने जबकि केंद्रीय विद्यालय की 98.28 प्रतिशत लड़कियों व 97.95 प्रतिशत लड़कों ने परीक्षा पास की है। केंद्रीय तिब्बती स्कूल की 99.48 प्रतिशत लड़कियों व 94.90 प्रतिशत लड़कों ने 12वीं की परीक्षा पास की है। 

Nisha Bhardwaj