रिटायर्ड CBI अधिकारी बताकर महिला से रचाई फर्जी शादी, बेटा चाहिए कहकर करता रहा रेप

9/29/2017 4:10:47 PM

बरवाला(पासा राम): बरवाला में एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। जिसमें हिसार के सीबीआई के 60 वर्षीय रिटायर्ड पर 35 वर्षीय महिला ने उससे फर्जी शादी रचाकर दुष्कर्म करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने महिला का मेडिकल करवाकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

6 साल से पति से चल रही है कहासुनी
पीड़िता का कहना है कि उसकी पहले शादी हो चुकी है, उसका एक बेटा भी है। 6 साल पहले उसका उसके पति से मनमुटाव रहने लगा। जिसके कारण उसका पति अौर बेटा उससे अलग रहने लगे। वह अपने मायके रहने लगी अौर फिर बरवाला शहर आकर बस गई। 

रिटायर्ड सीबीआई डीएसपी ने दिया शादी का झांसा
पीड़िता का कहना है कि इस साल अप्रैल माह में हिसार की नवदीप कॉलोनी निवासी सीबीआई का रिटायर्ड डीएसपी महाबीर सिंह उसके पास आया और बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। उसकी एक लड़की है जिसकी शादी कर रखी है। वह अब उससे शादी करना चाहता है।

शादी से मना करने पर बोला- मैं संभाल लूंगा
पीड़िता ने कहा कि उसने शादी करने से मना कर दिया कि उसका अभी तक तलाक नहीं हुआ है। जिसेक कारण वह शादी नहीं कर सकती है। जिस पर आरोपी ने कहा कि सीबीआई में डीएसपी रहा है इसलिए वह सब कुछ संभाल लेगा। उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है।

अग्रोहा धाम में रचाई फर्जी शादी
आरोपी पीड़िता को अग्रोहा धाम में ले गया और वहां जाकर उसे माला पहनाकर फर्जी शादी कर ली। उसके बाद उसने मांग में सिंदूर भर दिया और अंगूठी पहनाई। आरोपी ने कहा कि अब वे लोगों की नजर में पति-पत्नी बन गए हैं और उसे घर ले गया।

पीड़िता की नसबंदी खुलवाने के आरोप
पीड़िता ने कहा कि आरोपी ने महिला से शादी की बात करके उसकी नसबंदी भी खुलवा दी। उसने कहा कि उसे लड़का पैदा करना है इसलिए यह जरूरी है। आरोपी ने महिला के साथ कई बार दुष्कर्म किया। उसके बाद आरोपी वहां से चला गया अौर उसके साथ कोई बातचीत नहीं की। 
    
बरवाला के एसएचओ गौरव शर्मा ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर आोरपी के खिलाफ फर्जी शादी करके दुष्कर्म करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।