डिजिटल किडनैपिंग: रिटायर्ड डॉक्टर को 15 दिन तक 'डिजिटल अरेस्ट', 1.42 करोड़ की सनसनीखेज ठगी!
punjabkesari.in Saturday, Jun 20, 2026 - 12:00 PM (IST)
यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : साइबर अपराधियों ने एक सेवानिवृत्त डॉक्टर को 15 दिनों तक डिजिटल अरैस्ट रखकर उनसे । करोड़ 42 लाख रुपए ठग लिए। मामले की शिकायत मिलने पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने संबंधित बैंक खातों को फ्रीज करवाना शुरू कर दिया है।
जानकारी अनुसार करीब 15 दिन पहले सेवानिवृत्त डॉक्टर के पास एक वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) का अधिकारी बताया और कहा कि उनके बैंक खाते से अवैध वित्तीय लेनदेन हुआ है। इस बात से डॉक्टर घबरा गए। ठगों ने वीडियो कॉल के माध्यम से डॉक्टर से संपर्क बनाए रखा और उन्हें विश्वास दिलाया कि यदि वह कानूनी कार्रवाई से बचना चाहते हैं तो उन्हें अवैध लेनदेन से संबंधित शुल्क जमा करवाना होगा।

साइबर ठगों ने डॉक्टर को डराते हुए डिजिटल अरैस्ट कर 15 दिनों तक उन्हें अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा और डॉक्टर ने इस दौरान कुल 1 करोड़ 42 लाख रुपए विभिन्न खातों में जमा करवा दिए। पीड़ित डॉक्टर ने इस अवधि के दौरान किसी भी परिजन, मित्र या परिचित से संपर्क नहीं किया।
संदेह होने पर दोस्तों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद डॉक्टर को एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं।