रिटायर्ड डी.एस.पी. के दामाद के घर चोरी

1/30/2017 3:42:17 PM

समालखा (राकेश):बीती रात को गांव पट्टीकल्याणा में हरियाणा पुलिस के रिटायर्ड डी.एस.पी. के दामाद के घर पर सीढ़ी के सहारे चोर घुस आए। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी से करीब 34 हजार रुपए की नकदी व आभूषण चोरी कर लिए। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस व एफ.एस.एल. टीम ने मौके पर निरीक्षण करते हुए जांच के लिए नमूने एकत्रित किए। मिली जानकारी के अनुसार गांव पट्टीकल्याणा वासी रिटायर्ड डी.एस.पी के दामाद कृष्ण शर्मा ने बताया कि उसने घर में ही किरयाना व खल बिनौले की दुकान खोली हुई है तथा छत पर दो कमरे बनाकर रिहाइश की हुई है। 


शनिवार रात को वह परिवार के साथ एक कमरे में सोया था। अगले दिन सुबह करीब साढ़े 6 बजे उठकर चाय बनाने लगा तो देखा कि रसोई में सामान बिखरा हुआ है। इसके बाद बगल वाले कमरे में देखा तो वहां भी सारा सामान बिखरा हुआ मिला और अलमारी खुली हुई थी। जिसकी सूचना पुलिस को दी। पीड़ित ने बताया कि चोर अलमारी में रखी करीब 34000 रुपए की नकदी, 1 चांदी का सैट, 3 जोड़ी पाजेब, 2 टॉप्स चोरी कर ले गए। साथ लगते घर की छत पर सीढ़ी लगी हुई थी। जिससे उन्हें शक है कि चोर सीढ़ी के सहारे मकान की छत के जरिए कमरे में पहुंचे और घटना को अंजाम दिया। उसने बताया कि वर्षों पहले उसके ससुर जीतराम हरियाणा पुलिस में डी.एस.पी के पद से रिटायर्ड हुए थे। वहीं मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी है।