रिटायर्ड फौजी ने भतीजों को मारी गोली, आरोपी पिस्तौल सहित गिरफ्तार

10/18/2022 11:03:35 AM

रेवाड़ी/बावल: बावल के गांव पातूहेड़ा में पारिवारिक मनमुटाव के चलते सेना से रिटायर्ड चाचा ने 2 भतीजों को गोली मार दी। दोनों को रेवाड़ी के ट्रामा सैंटर से रोहतक रैफर कर दिया गया है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने चाचा को पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया। गांव पातूहेड़ा के पूर्व सैनिक घनश्याम ने गांव में दुकान खोली हुई है और उसका अपने भाई रोशनलाल के साथ पारिवारिक मनमुटाव चल रहा है।

रोशनलाल ने बताया कि बीती देर शाम उसका बेटा अमित उसकी दुकान पर सामान लेने गया था। वहां पर किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। घनश्याम ने उसे जान से मारने की धमकी दी। वह उसी समय घर के अंदर गया और पिस्तौल लाकर उसके पैर में गोली मार दी।

गोली चलने की आवाज सुनकर उसका दूसरा बेटा हंसराज भी जैसे ही वहां पहुंचा तो उसने उसके पैर में भी गोली मार दी। दोनों गंभीर घायल हो गए और उन्हें रेवाड़ी के ट्रामा सैंटर में भर्ती करवाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें रोहतक रैफर कर दिया गया।

कसौला थाना के जांचकत्र्ता राजेश कुमार ने बताया कि पिता रोशनलाल की शिकायत पर घनश्याम के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी चाचा घनश्याम को गिरफ्तार कर उससे पिस्तौल, 2 जिंदा कारतूस बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने मौके से मारी गोलियों के 2 खाली खोल भी बरामद किए हैं।

Content Writer

Isha