बहन और भांजी की हत्या करने वाले रिटायर्ड एक्सईएन को उम्रकैद की सजा

1/21/2020 12:33:33 PM

यमुनानगर: बहन और भांजी को नहर में धक्का देकर उनकी हत्या करने वाले पब्लिक हेल्थ विभाग के रिटायर्ड एक्सईएन सुनील कुमार को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने उन पर 35 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। उप जिला न्यायवादी सुरजीत आर्य ने बताया कि फैसला एडीशनल सेशन जज (एक्सक्ल्यूसीव कोर्ट फॉर हिनियस क्राइमस एंगेस्ट वुमैन एंड चिल्ड्रन यमुनानगर-जगाधरी) की कोर्ट ने सुनाया है। कोर्ट ने सुनील को 17 जनवरी को दोषी करार दिया था। 

बाबा की पुडिय़ा बता नहर किनारे खड़ा कर दिया और धक्का देने लगा तो बचे
बता दें विश्वकर्मा कॉलोनी जगाधरी निवासी जीवन लाल ने सदर यमुनानगर पुलिस को शिकायत दी थी कि वह अपने साले अनिल और सुनील कुमार के कोयला के डिपो पर जगाधरी में ही काम करता है। उसकी शादी साल 1986 में विनोद कुमारी से हुई थी। शादी के दो माह बाद ही वह अपने ससुराल में आकर रहने लग गया था। उसके ससुराल वालों ने जगाधरी में उन्हें 110 गज का प्लॉट लेकर दिया था और मकान भी बनवाया था।

उनके पास शादी के बाद एक बेटा और बेटी हुई। बेटी नेहा की उम्र 29 साल है और बेटे राजन की  उम्र 27 साल है। घर चलाने का खर्च उसके साले ही देते हैं। तीन साल से उसका साला सुनील कुमार करनाल मॉडल टाउन में रह रहा है। उसने उन्हें खर्च देना बंद कर दिया है। उसे अपने बेटे और बेटी की शादी के लिए भी पैसा चाहिए था। जोकि सुनील कुमार ही देता। लेकिन वह चार साल से खर्च के लिए पैसे नहीं दे रहा है। 

एक अप्रैल 2017 को रात के समय उसका साला सुनील कुमार अपनी कार में उनके घर जगाधरी पहुंचा। उसने उन्हें बताया कि वह एक बाबा से चार पुडिया लेकर आया है। इससे उनके घर की सभी दिक्कतें दूर हो जाएंगी। इन्हें नहर में बहाकर आना है। इस पर उसे, उसकी पत्नी और बेटा-बेटी को अपनी कार में नहर किनारे ले गया। पांजुपुर पुल के पास उसने कार रोक ली। तब उसके साला ने एक-एक पुडिया परिवार के चारों लोगों के हाथ में दे दी थी और नहर किनारे आंखें बंद कर खड़े होने के लिए कहा।

उन्होंने उसकी बातों पर विश्वास कर आंखें बंद कर दी। इसी दौरान सुनील ने उसकी पत्नी विनोद कुमारी और बेटी नेहा को नहर में धक्का दे दिया। उसने उन्हें भी धक्का देने की कोशिक की, लेकिन वे बच गए। उन्होंने शोर मचाया तो वहां पर कुछ लोग एकत्रित हो गए। इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। उनका आरोप था कि भांजी और भांजी की शादी के खर्च से बचने के लिए सुनील ने ऐसा किया था। इस शिकायत पर सदर यमुनानगर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया था। 

 

Edited By

vinod kumar