खुलासा: PNB में हुई डकैती को बाल सुधार गृह से भागे 3 नाबालिगों ने दिया था अंजाम

11/4/2020 1:28:12 PM

 

झज्जर (प्रवीण धनखड़): पिछले माह की 21 तारीख को झज्जर के गांव माछरौली के पंजाब नैशनल बैंक में हथियारों के बल पर बैंक डकैती डालने वाले मामले का पुलिस ने पट्टाक्षेप कर दिया है। पीएनबी की इस डकैती को किसी ओर ने नहीं बल्कि हिसार के बाल सुधार गृह से भागने वाले नाबालिगों ने अपने अन्य साथियों के साथ अंजाम दिया था। इस मामले में पुलिस ने डकैती की घटना को अंजाम देने वाले एक मुख्य आरोपी आकाश उफ्र आशू पुत्र बलवान निवासी बिरधाना को माछरौली क्षेत्र से ही हथियारों के साथ काबू किया है।

पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आकाश ने माछरौली में  बैंक डकैती डालने की बात कबूल की है। आकाश ने यह भी पुलिस को बताया है कि घटना को अंजाम देने से पहले उसने सुलौधा गांव से बाइक चोरी की थी। बाद में अपने चार अन्य साथियों के साथ माछरौली में बैंक की डकैती डाली थी। आकाश की गिरफ्तारी की पुष्टि डीएसपी नरेश कादयान ने यहां जिला मुख्यालय पर पत्रकारों को दी। पुलिस का यह भी कहना है कि घटना के मुख्य आरोपी आकाश से पुलिस ने बैंक डकैती की पूरी रकम में से ढाई लाख रूपए बरामद भी किए है। डीएसपी के अनुसार इस मामले में पुलिस ने बाल सुधार गृह से भागे एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर रखा है। उसने तीन रोज पूर्व जब पुलिस ने शक की बिनाह पर उसे रूकवाया था तो उसने पुलिस पर फायरिंग की थी। जवाबी फायरिंग मेें वह घायल हो गया था। जिसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया था। उसे पुलिस के पहरे में उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। डीएसपी नरेश के अनुसार इस मामले में अर्पण नामक एक अन्य का नाम भी सामने आया है। उस पर बेरी क्षेत्र में कई जघन्य वारदातों को अंजाम दिए जाने के मामले दर्ज है।

पुलिस के अनुसार घटना के मुख्य आरोीप आकाश पर भी धारा 302 के तहत मामले दर्ज है। इस घटना में इनके साथ ओर कौन-कौन लोग शामिल रहे है,पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है। बता दें कि बीते माह झज्जर के गांव माछरौली में हथियारबंद नकाबपोश युवकों ने बैंक में डकैती डाली थी। जिसमें इन बदमाशों ने बैंक की महिला कैशियर से आठ लाख 71 हजार रूपए हथियारों के बल पर छीन लिए थे और फरार हो गए थे। पुलिस को गिरफ्त में आए आकाश से अन्य कई संगीन वारदातों को खुलासा होने की संभावना है। यहां यह भी बताना मुनासिब होगा कि हिसार बाल सुधार गृह से जो 17 नाबालिग भागे थे,उनमें से आधा दर्जन का सम्बन्ध झज्जर जिले से था। इनमें बैंक डकैती डालने में तीन शामिल रहे है।

 

 

 

 

Isha