ब्लाइंड मर्डर में खुलासा: प्रेमी ने सल्फास पिलाकर की थी प्रेमिका की हत्या

10/8/2019 12:21:28 PM

हिसार (ब्यूरो) : एच.टी.एम. थाना पुलिस ने पड़ाव की खुशबू के ब्लाइंड मर्डर का राजफाश कर टिब्बा दानाशेर निवासी राजमिस्त्री राजेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया। वहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार बिहार की खुशबू 10 साल पहले पति व बच्चों के साथ मिल गेट एरिया में रहती थी और मजदूरी करती थी। टिब्बा दानाशेर का राजेश भी मजदूरी करता था। दोनों एक जगह मजदूरी करते थे। तब उनमें प्रेम संबंध बन गए थे, बाद में उसके पति की मौत हो गई थी। वह जाट आरक्षण आंदोलन के समय परिवार के साथ बिहार चली गई थी।

वह 3 महीने बाद दोनों बच्चों के साथ लौटी तो आरोपी राजेश ने उसे भिवानी में किराये पर कमरा दिला दिया था। वह उससे मिलने वहां जाता रहा था। वह अढ़ाई महीने बाद हिसार आ गई थी। इस दौरान वह बच्चों सहित पठाना मोहल्ले में रहने लगी। वे दोनों एक साथ काम करने लगे। राजेश ने प्रेम संबंधों के चलते अपने घर की बैठक खुशबू को किराये पर दे दी थी। वहां वह करीब 3 साल रही। परिजनों को शक हुआ तो उससे कमरा खाली करवा लिया गया।

नहर में फैंकना चाहता था शव, फाटक बंद मिला तो सैक्टर में फैंका
राजेश ने पूछताछ में बताया कि वह खुशबू को बाइक पर बिठाकर शाम करीब 7.30 बजे घर ले गया। उसने उसके साथ दुष्कर्म किया था। उसके बाद खुशबू टॉयलेट से लौटी तो उसने पीछे से गले में हाथ डालकर उसका गला दबाने का प्रयास किया था। वह अर्धबेहोशी की हालत में चारपाई पर गिर गई थी। राजेश ने सल्फास की 2 गोलियां पानी में मिलाकर खुशबू को पिला दी थी। वह तड़पने लगी तो कपड़े से हाथ-पैर बांधकर रजाई के कवर से गठरी बांध ली। उसकी मौत हो गई।

वह गठरी उठाने लगा तो गिर गई थी। उसके बाद उसने एक नाबालिग लड़का बुलाया था और उसको मामला बताया। वह बाइक चलाने लगा और नाबालिग लड़के ने गठरी में बंधा शव बीच में रखा था। वे शव नहर में फैंकने चले गए। रायपुर रोड पर रेल फाटक बंद होने के कारण सैक्टर-1/4 में शव फैंककर लौट आए। मृतका के दोनों लड़कों ने 5वें दिन शव की शिनाख्त की थी। 

Isha