खुलासा: पति ही निकला पत्नी का कातिल, बेरहमी से की हत्या(video)

2/1/2018 7:47:01 PM

गुहला चीका(जे.बी. गोयल): शादी में सात फेरों की कसम को दरकिनार एक पति ने अपनी पत्नी के जोहड़ में डूबो-डूबो कर मार डाला। नशा छोड़ने का झांसा देकर पति अपनी पत्नी को पीर की दरगाह पर ले गया। पुलिस के सामने जब उसने खुलासा किया तो सुनने वाले की रूह कांप गई।

दरअसल, उपमंडल के आदर्श गांव भागल में कुछ दिन पहले हुई एक महिला की हत्या में गिरफ्तार उसके पति ने जब पुलिस के सामने जुबान खोली तो सुनने वाले सन्न रह गए। पुलिस ने पति की गिरफ्तारी के बाद हत्या की कडिय़ों को जोड़ते हुए पर्दाफाश किया। उक्त जानकारी देते हुए एसएचओ चीका जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी सुनील कुमार नशेड़ी है और वह अक्सर दहेज के लिए अपनी पत्नि को परेशान करता था। जिसके चलते पति व पत्नि में अक्सर झगड़े होते थे। हाल ही में सुनील अपनी पत्नि को उसके मायके से लाया था। मृतका सरोज के परिजन आरोपी सुनील के झांसे में आ गए और उसे उसकी सुसराल भागल भेज दिया।

एसएचओ ने बताया कि सुनील ने अपनी पत्नि को मारने के लिए जो योजना तैयार की उसमें भी उसने नशे को ही ढाल बनाया।वह अपनी पत्नि को यह कहकर लाया कि वह नशा छोडऩा चाहता है। वह उसके साथ गांव में स्थित पीर बाबा की दरगाह पर चले। क्योंकि वह  चाहता है कि बाबा की दरगाह पर मैं अपने कुकर्मों की माफी मांगूं और गवाह के तौर पर वह मौजूद रहे, क्योंकि वह उसके सामने नशा छोडऩे की कसम भी उठाएगा।

आश्चर्य की बात यह रही कि आरोपी सुनील एक के बाद एक झूठ बोलता रहा लेकिन पति को देवता मानने वाली पत्नि को उसके इरादों की भनक तक नहीं लगी। यह समझकर कि शायद उसका पति सुधर जाए, उसके साथ चली गई। एसएचओ जितेंद्र के अनुसार जब दोनों पति व पत्नि जोहड़ के पास से गुजर रहे थे तो आरोपी सुनील के अंदर का शैतान जाग उठा और उसने अपनी पत्नि सरोज को पानी में धक्का दे दिया। उधर अपने पति के इरादों को भांप सरोज ने हिम्मत बांधी और जोहड़ से बाहर आने में सफल हो गई।
 

वहीं, यमराज बने बैठे पति ने एक बार फिर उसे पकड़कर जोहड़ में धक्का दे दिया।एक बार फिर से मृतका बाहर निकलने में कामयाब हो गई। पानी में गिरने की वजह से उसके बाल भीगकर खुल गए। उसके बालों को खींचकर आरोपी पति उसे तालाब के बीच ले गया। हैवानियत कि उस समय हद हो गई जब सरोज को मारने की ठान चुका उसका पति पानी में गिरी पत्नि के ऊपर बैठ गया। वह तब तक नहीं उठा जब तक उसकी पत्नी मर नही गई।

एसएचओ ने बताया कि अपनी पत्नि को मारकर आरोपी अपने घर चला गया। सुबह होते ही उसके गायब होने की रिपोर्ट लिखवाने के लिए भागल पुलिस चौकी में नाटक करने लगा। पुलिस को उस पर शक हुआ और उसे तुरंत हिरासत में ले लिया। जिसके बाद आरोपी ने हत्या के राज से पर्दा उठा दिया। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां माननीय न्यायाधीश ने आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।