हिसार में क्रूरता की हदें पार, युवक की जीभ काटकर एक महीना पहले हुए झगड़े का लिया बदला

10/21/2022 6:43:41 PM

हिसार : हिसार जिले के ऋषि नगर में हमलावरों द्वारा युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने युवक को बुरी तरह पीटा। उसने बचने के लिए जब शोर मचाया तो उनमें से हमलावर ने उसकी ब्लेड से जीभ काट दी। इसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। 

घायल सोनू ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और काफी समय से अपने परिवार के साथ हिसार के ऋषि नगर में रहता है। वह अंडे की रेहड़ी पर काम करता है।वह काम करके वापस लौट रहा था। इस बीच जब ऋषि नगर के श्मशान घाट के पास पहुंचा तो चार अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। इस बीच एक युवक ने लात घूसे बरसाने शुरू कर दिए। वह चिल्लाने लगा तो एक युवक ने मुंह पकड लिया और हाथ में ली ब्लेड से उसकी जीभ पर हमला कर दिया। इससे उसकी जीभ कट गई। इसके बाद वे उसे छोड़ कर भाग गए। वह किसी तरह से अपने घर पहुंचा। इसके बाद परिजन उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने बताया कि सोनू की जीभ पर आठ टांके लगाए हैं।

सोनू ने पुलिस को बताया कि हमला करने वाले चारों युवक मुंह ढके हुए थे, लेकिन वह व्यक्ति की आवाज को पहचान गया था। वह विकास था, जिससे करीब एक महीना पहले झगड़ा हुआ था। उसके दोस्तों ने मिलकर उस पर हमला किया था। पुलिस ने सोनू के बयान पर विकास व तीन अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana