एवरेस्ट विजेता ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, सबसे ऊंची चोटी 17 घंटे में फतेह की

7/26/2018 10:45:16 AM

रेवाड़ी(वधवा): जिला के गांव नेहरूगढ़ निवासी एवरेस्ट विजेता नरेंद्र यादव ने आखिरकार भारत का तिरंगा साऊथ अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी किलिमांजारो पर सबसे कम समय में फहराकर विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है। 

उसने यह कीर्तमान 23 जुलाई सुबह 6.40 पर अर्जित किया। उसने इस चोटी पर चढऩे के अभी तक के विश्व रिकॉर्ड 34 घंटे को तोड़कर मात्र 17 घंटे में पूरा किया। इतना ही नहीं नरेंद्र ने सबसे जल्दी उतरने के 20 घंटे के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ते हुए मात्र 9 घंटे 7 मिनट में पूरा किया। इस तरह उसने 2 विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किए। फोन पर नरेंद्र ने कहा कि यह अभियान मराअंगु नाम के रास्ते से फतह किया गया है। इस उपलब्धि के लिए तंजानिया सरकार की तरफ से उसे एक प्रशस्ति प्रमाण पत्र दिया गया है।

वह पहले भी इस चोटी को वर्ष 2017 में मचामे नाम के रास्ते से फतह कर चुका है। उसका अब अगला लक्ष्य इंडोनेशिया व ऑस्ट्रेलिया का है, जिसके लिए वह भारत पहुंचकर तैयारी शुरू करेगा। उसका सपना 7 महाद्वीपों पर फतह करने का है। नरेंद्र के पिता कृष्णचंद आर्मी जवान रह चुके हैं। उनकी प्रेरणा व प्रोत्साहन से ही उसने एवरैस्ट फतह किया और अब दुर्गम चोटियों को फतह कर रहा है।

Deepak Paul