रेवाड़ी : बावल की GLS कंपनी में भीषण आग से मचा हड़कंप, धमाकों से दहला औद्योगिक क्षेत्र; आसमान में छाया काला धुआं
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 01:44 PM (IST)
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : हरियाणा के बावल औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-5 स्थित जीएलएस कंपनी में मंगलवार को भीषण आग लग गई। आग लगने के कुछ ही देर बाद कंपनी परिसर में एक के बाद एक जोरदार धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि ऊंची-ऊंची लपटें आसमान को चीरती नजर आईं, जबकि काला धुआं कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाकों की आवाज सुनकर आसपास की कंपनियों में काम कर रहे कर्मचारियों में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे। मौके पर भय का माहौल बना हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस बल, एंबुलेंस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के समय प्लांट चालू था। ऐसे में जनहानि की आशंका को लेकर भी चिंता बनी हुई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। आग की भयावहता को देखते हुए कंपनी के पूरी तरह जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं आसपास स्थित कई मल्टीनेशनल कंपनियों तक आग फैलने का खतरा भी बना हुआ है। जानकारी के अनुसार जीएलएस कंपनी में इंक और एल्यूमिनियम फॉयल का निर्माण किया जाता है। कंपनी का कारोबार देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक फैला हुआ है।

उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले इसी कंपनी में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रेड भी हुई थी। मौके पर बावल डीएसपी सुरेंद्र श्योराण सहित प्रशासनिक अधिकारी पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस और जांच एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हुई हैं।