Rewari : होटल में चल रहा था देहव्यापार, नकली ग्राहक बनकर पुलिस ने किया पर्दाफाश, महिला सहित 2 गिरफ्तार
punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 09:18 PM (IST)
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : शहर के हुड्डा बाईपास स्थित पावर हाउस के पास एक होटल में चल रहे देहव्यापार के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक महिला को मौके से बरामद किया, जबकि होटल मैनेजर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि अभय सिंह चौक के पास उत्तम नगर क्षेत्र में स्थित एक होटल में बाहर से कॉल गर्ल्स बुलाकर देहव्यापार कराया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस ने योजना बनाते हुए एक व्यक्ति को नकली ग्राहक बनाकर होटल भेजा। सौदा तय होते ही इशारा मिलते ही पुलिस टीम ने होटल पर छापा मार दिया। छापेमारी के दौरान एक महिला को मौके से बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने होटल के मैनेजर को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रेवाड़ी के मोहल्ला सुकुरपुरा निवासी विक्की के रूप में हुई है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ग्राहक से कमरे सहित करीब 3000 रुपये वसूले जाते थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इस अवैध धंधे से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। महिला की बरामदगी और मैनेजर की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की नजर होटल मालिक पर है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस धंधे के लिए महिलाओं को किन-किन स्थानों से बुलाया जाता था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। गौरतलब है कि रेवाड़ी के होटलों में इस तरह के मामले समय-समय पर सामने आते रहे हैं। मॉडल टाउन थाना पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी हुई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)