Rewari : दहेज की बलि चढ़ी महिला, ससुरालियों से तंग आकर कर ली आत्महत्या, पति समेत 5 पर केस दर्ज

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 07:25 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : शहर के शांति नगर क्षेत्र में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग और लगातार प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

जानकारी के अनुसार वीरवार तड़के शांति नगर स्थित अपने ससुराल में संगीता ने प्रथम तल पर कमरे के दरवाजे की चौखट पर चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलने पर मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया। मृतका की पहचान संगीता के रूप में हुई है, जो दो बच्चों की मां थी। उसके पिता राजेश ने मॉडल टाउन थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि संगीता की शादी वर्ष 2015 में शांति नगर निवासी अजय के साथ हुई थी। संगीता की छह वर्षीय बेटी और पांच माह का बेटा है। 

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग की जाती थी तथा उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों के अनुसार दहेज को लेकर अक्सर विवाद और मारपीट की घटनाएं होती रहती थीं। मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व भी इसी मामले को लेकर न्यायालय में केस चला था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद संगीता अपने ससुराल लौट गई थी। 

परिजनों का आरोप है कि लगातार हो रही प्रताड़ना से परेशान होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि मृतका के पिता राजेश की शिकायत पर पति अजय, सास, ससुर सहित पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और दहेज प्रताड़ना से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)                


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static