खुशखबरी: चण्डीगढ़, हरियाणा और पंजाब के बीच बनेगा रिंग रोड

11/17/2017 5:52:06 PM

चंडीगढ़(धरणी): यह खुशखबरी चण्डीगढ़ के करीबी हरियाणा एवं पंजाब के क्षेत्रवासियों के लिए है। दक्षिणी रिंग रोड के निर्माण एवं चण्डीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए एक वैकल्पिक मार्ग के बारे में भी सहमति बनाई गई। इस वैकल्पिक मार्ग का तकनीकी सर्वे करवाया जाएगा। यह जानकारी शुक्रवार को ‘चंडीगढ़ क्षेत्र की समेकित योजना एवं विकास’ के संबंध में पंजाब हरियाणा व चंडीगढ़  की उच्च स्तरीय समिति की चौथी बैठक में मिली।

बैठक में हरियाणा व पंजाब राज्य के बीच पंचकुला सैक्टर 20 से पीर मुछल्ला के बीच पंजाब राज्य के क्षेत्र में आने वाले 700 मीटर की लंबाई के टुकडे के निर्माण एवं घग्गर नदी पर सैक्टर-25, 26 के लिए पुल निर्माण के लिए भी आज सहमति बन गई।



इस बैठक में हरियाणा के मुख्य सचिव डी एस ढेसी सहित पंजाब के मुख्य सचिव कर्ण अवतार सिंह तथा चण्डीगढ प्रशासक में सलाहाकार  परिमल राय के अलावा पंजाब, हरियाणा एवं चण्डीगढ के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान ट्राईसिटी के समग्र विकास को प्रभावित करने वाले क्षेत्रीय महत्व के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके अलावा, पूरे ट्राई सिटी की व्यापक गतिशीलता योजना के अद्यतन चण्डीगढ प्रशासन द्वारा करवाये जाने एवं प्रस्ताव के अंतिम प्रारूप में पंजाब एवं हरियाणा को भी शामिल किये जाने पर भी सहमति बनी। बैठक में यू.टी. / हरियाणा, यू.टी. / पंजाब के मध्य  निर्विवाद कनेक्टिविटी के मुद्दों पर भी बातचीत की गई।