RJP संयोजक शेर सिंह राणा ने जेपी नड्डा पर बोला हमला, कहा- क्षेत्रीय दलों के खात्मे से खत्म हो जाएगी भाजपा

10/13/2023 2:46:48 PM

पंचकूला(उमंग श्योराण): राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक शेर सिंह राणा ने देश में वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव और हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का दावा किया। उन्होंने क्षत्रिय समाज को एकजुट होकर आगामी चुनाव में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकने का आह्वान किया है। शेर सिंह राणा 18 अक्टूबर को राजपूत समाज द्वारा कैथल में आयोजित किए जाने वाले महाकुंभ के लिए पंचकूला लोगों को आमंत्रित करने पहुंचे हैं।

राष्ट्रवादी जन लोक पार्टी संयोजक शेर सिंह इस दौरान भाजपा और जेपी नड्डा से काफी खफा-खफा नजर आए। मौके पर उन्होंने भाजपा अधय्क्ष नड्डा के क्षेत्रीय दलों के खत्म होने वाले बयान पर पलटवार किया। राणा ने कहा अगर भाजपा क्षेत्रीय दलों को खत्म करने का काम करेगी तो भाजपा खुद खत्म हो जाएगी। क्षेत्रीय दलों से जुड़े लोग अपना वोट कांग्रेस की तरफ डायवर्ट कर देंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा केंद्र में खुद NDA के तहत गठबंधन में सरकार बनाती आई है, जिसमें कई ऐसे घटक दल शामिल हैं जो कि विभिन्न जातियों व क्षेत्र के आधार पर बने हैं।

गौतरलब है कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हाल ही में बयान दिया था कि जल्द ही देश के सभी क्षेत्रीय दल खत्म हो जाएंगे। इस पर कई क्षेत्रीय दलों के अध्यक्षों की प्रतिक्रिया सामने आ चुकी है। शेर सिंह ने भाजपा को पुराने दिनों की याद दिलाते हुए कहा कि यह भाजपा ही थी, जिसके नेताओं ने क्षेत्रीय दलों के निर्माण की पहल की थी। क्योंकि उनके लिए कांग्रेस से सीधा लड़ पाना और हराना मुमकिन नहीं था। इसलिए क्षेत्रीय दलों के बनने से कांग्रेस का जो वोट कटकर क्षेत्रीय दलों में आया उसका लाभ भाजपा को मिला। उन्होंने कहा कि 18 अक्टूबर को कैथल के हुडा ग्राउंड से भाजपा सरकार से आमने-सामने टक्कर लेने और अपनी मांगे मनवाने का काम किया जाएगा।

वहीं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा सरकार बनने पर ब्राह्मण सहित विभिन्न समाज से 4 उपमुख्यमंत्री बनाए जाने और क्षत्रिय समाज की अनदेखी पर उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि चाहे बीजेपी हो या कांग्रेस क्षत्रिय समाज के सहयोग के बिना दोनों पार्टी ही सत्ता में नहीं आ सकती।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।) 

Content Writer

Saurabh Pal