Road Accident : तेज रफ्तार कार ने मजदूर को कुचला, 3 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 05:50 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): कुरुक्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसा ढांड रोड पर गांव कमोदा बस अड्डे के नजदीक हुआ। बताया जा रहा है कि कार चालक दूसरी गाड़ी को ओवरटेक कर रहा था, तभी उसने साइकिल सवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान बिहार के समस्तीपुर निवासी 30 वर्षीय अजय सदा के रूप में हुई है। अजय परिवार के पालन-पोषण के लिए कुरुक्षेत्र में रहकर चावल के गोदाम में मजदूरी करता था। उसके परिवार में पत्नी रंजन देवी, बेटा आदर्श तथा दो बेटियां अंकुश (2) और इंद्रो हैं। परिजनों के अनुसार, पिछले वर्ष ही उसके घर बेटे का जन्म हुआ था।
दरभंगा निवासी बलराम कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ढांड रोड स्थित चावल गोदाम में बिहार के 11 मजदूर काम करते हैं, जिनमें अजय सदा भी शामिल था। अजय साइकिल पर कमोदा अड्डा की तरफ सामान लेने गया था। गोदाम से मुख्य सड़क पर निकलने के बाद वह करीब 100 मीटर ही आगे पहुंचा था कि तेज रफ्तार कार चालक ने आगे चल रही दूसरी गाड़ी को ओवरटेक करना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ओवरटेक करते समय कार दूसरी लेन में आ गई और साइकिल पर जा रहे अजय को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय साइकिल समेत दूर जाकर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद चालक ने कुछ देर के लिए कार की रफ्तार धीमी की, लेकिन आसपास लोगों की भीड़ जमा होती देख वह कार लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल अजय को एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने थाना केयूके में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)