रोडवेज कर्मचारियों ने फिर किया चक्काजाम, कई घंटे तक यात्रियों को हुई परेशानी (VIDEO)

1/2/2018 6:17:43 PM

फतेहाबाद(रमेश भट्ट): फतेहाबाद के बस अड्डे पर आज सुबह रोडवेज कर्मचारियों ने एक बार फिर से चक्काजाम कर दिया। कर्मचारियों की शिकायत है कि, आरटीए विभाग ने रोडवेज विभाग की बिना सहमति से बसों का नया टाइम-टेबल जारी किया है। इस नए टाईम-टेबल में बसों के फेरे बढ़ाने से खफा हुए रोडवेज कर्मचारियों ने आरटीए विभाग के खिलाफ प्रदर्शन व नारेबाजी की। मौके पर एडीसी ने कर्मचारियों को दो दिन में नया टाईम-टेबल जारी करने का आश्वासन दिया है। फिलहाल कर्मचारियों ने चक्काजाम को दो दिन के लिए स्थगित कर दिया है। चक्काजाम के दौरान अपने गंतव्य स्थान पर जाने के लिए यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।



रोडवेज यूनियन नेता मनोज कुंडू ने बताया कि, आरटीए विभाग द्वारा फतेहाबाद से जाखल वाया भूना के रूट पर मनमाने ढंग से फेरे बढ़ाने से खफा रोडवेज तालमेल कमेटी ने आज फतेहाबाद रोडवेज डिपो की बसों का चक्का जाम किया। धरने की अध्यक्षता सभी यूनियनों के प्रधान सूरजभान चोपड़ा, ईश्वर सहारण, मनोज कुण्डू, साधुराम, राजेश कुमार, सलेन्द्र कन्हड़ी ने की। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि आरटीए फतेहाबाद प्राइवेट बस मालिकों के साथ मिलीभगत कर रोडवेज विभाग को भारी चूना लगा रहे हैं और उन्हें मनमाने फेरे बढ़ाने दिए जा रहे हैं।



प्रदर्शनरत रोडवेज कर्मचारियों से मिलने के लिए मौके पर एडीसी डॉ. जेके आभीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने रोडवेज कर्मियों को आश्वासन दिया कि, 2 दिन में रूट का नया टाईम टेबल जारी किया जाएगा। जिसके बाद चक्का जाम स्थगित किया गया और दोपहर तक बसों का संचालन शुरू किया गया।



वहीं चक्का जाम होने के कारण बस स्टैंड पर यात्रियों में अफरा तफरी मच गई, पुलिस को मौके पर स्थिति संभालनी पड़ी। चक्काजाम होते ही पुलिस विभाग ने मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। कई घण्टों तक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।



फतेहाबाद डिपो के जीएम के.एल. कौशल ने चक्का जाम होने के हालात पैदा होने के लिए आरटीए विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि, बिना रोडवेज विभाग की सलाह लिए बसों का नया टाइम टेबल जारी किया गया। हालांकि अब एडीसी की ओर से आश्वासन दिया गया है कि 2 दिन में नया टाइम टेबल जारी होगा और यह टाइम टेबल रोडवेज विभाग की ओर से ही जारी किया जाएगा।