रोडवेज कर्मचारी अब आंदोलन से देंगे जवाब

1/11/2019 10:30:39 AM

चंडीगढ़(पांडेय): हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी ने कमेटी के वरिष्ठ सदस्य इंद्र सिंह बधाना व 4 अन्य नेताओं को निलंबित करने व फरीदाबाद में 8 नेताओं के खिलाफ एस्मा में मुकद्दमे दर्ज करने की ङ्क्षनदा करते हुए रोडवेज कर्मचारियों से संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया है। कमेटी के सदस्य सरबत पूनिया, इंद्र सिंह बधाना, बीरेंद्र धनखड़, दलबीर किरमारा और अनूप सिंह सहरावत ने कहा कि सरकार की हठधर्मिता व दमनकारी नीतियों के खिलाफ जल्द ही हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी की बैठक बुलाकर आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।

सर्व कर्मचारी संघ ने सरकार को चेताया 
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व सीटू ने हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन के अध्यक्ष इंद्र सिंह बधाना व अम्बाला डिपो के 4 अन्य नेताओं को निलंबित करने की घोर ङ्क्षनदा की है। दोनों संगठनों के नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार घोषणा पत्र में किए वायदों पर अमल करने की बजाय जन सेवाओं का निजीकरण करने पर तुली हुई है। उन्होंने सरकार पर लगातार उकसावेपूर्ण कार्रवाई करने का भी आरोप लगाया। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा व सीटू ने 2 दिवसीय हड़ताल की सफलता के लिए प्रदेश के मजदूरों व कर्मचारियों का धन्यवाद किया।

पदोन्नति को तरस रहे रोडवेज कर्मचारी
ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन के राज्य प्रधान हरिनारायण शर्मा व महासचिव बलवान सिंह दोदवा ने बताया कि हरियाणा रोडवेज में सभी श्रेणी के पद खाली पड़े हुए हैं लेकिन परिवहन अधिकारियों की लापरवाही के चलते लंबे अर्से से किसी भी पद पर प्रोमोशन नहीं हो रहा जिसके कारण रोडवेज कर्मचारी पदोन्नति को तरस रहे हैं तथा एक ही पद से रिटायर होने पर मजबूर हो रहे हैं।

शर्मा व दोदवा ने बताया कि परिवहन विभाग में स्टेशन सुपरवाइजर की 58, मुख्य निरीक्षक के 52, निरीक्षक के 450, उप निरीक्षक के 160, अधीक्षक के 22 व वर्कशॉप में एस.एस.आई. के सभी पद खाली पड़े हुए हैं लेकिन परिवहन अधिकारियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों का 4 साल का बोनस व अन्य बहुत-सी विभागीय मांगें भी लंबे अर्से से बकाया पड़ी हुई हैं। यूनियन मांग करती है कि सरकार तुरंत बैठक बुलाकर बकाया पड़ी सभी मांगों को लागू करे तथा न्यू पैंशन स्कीम बंद करके पुरानी पैंशन स्कीम लागू की जाए, ताकि कर्मचारियों को बुढ़ापे में सहारा मिल सके।

21 फरवरी को संसद कूच करेंंगे कर्मचारी 
सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रधान धर्मबीर फौगाट व महासचिव सुभाष लाम्बा और सीटू के प्रदेश महासचिव जय भगवान व अध्यक्ष सतबीर सिंह ने कहा कि भाजपा के खिलाफ मजदूरों व कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंंने कर्मचारियों से 21 फरवरी के संसद कूच की तैयारी करने का आह्वान किया है। संघ नेताओं ने कहा कि भाजपा दमन की कार्रवाई पर उतारू है व बुनियादी मुद्दों को भी हल नहीं करना चाहती। जन कल्याण की तमाम सेवाओं को बर्बाद कर इन्हें ठेकेदारों व कार्पोरेट पूंजी के हाथ में सौंपना चाहती है। उन्होंने कहा कि 21 फरवरी को संसद पर पुरानी पैंशन स्कीम की बहाली व रैगुलराइजेशन की पॉलिसी के लिए देशव्यापी आंदोलन होगा।
 

Deepak Paul