रोहद टोल प्लाजा के शुल्क में 5 से 10 फीसदी तक वृद्धि

8/31/2018 12:18:48 PM

बहादुरगढ़: दिल्ली-रोहतक पर रोहद टोल प्लाजा की ओर से टोल शुल्क में कुछ वृद्धि की गई है। टोल कम्पनी की ओर से 5 से 10 रुपए तक टोल शुल्क बढ़ाया गया है। यही नहीं मासिक शुल्क में भी बढ़ौतरी की गई है। छोटे प्राइवेट वाहनों के एक तरफ टोल शुल्क में कोई बढ़ौतरी नहीं की गई है लेकिन दोनों तरफ के टोल शुल्क में 5 रुपए की बढ़ौतरी की गई है। 

नई टोल दरें शुक्रवार को आधी रात के बाद से लागू हो जाएंगी और ये नई टोल दरें 31 अगस्त 2019 तक लागू रहेंगी। टोल कम्पनी की ओर से स्थानीय लोगों के वाहनों के मासिक पास में कोई बढ़ौतरी नहीं की गई है। टोल प्लाजा के 10 किलोमीटर की परिधि में आने वाले लोगों के गैर वाणिज्यिक वाहनों का मासिक पास 150 रुपए में व 10 से 20 किलोमीटर की परिधि में रहने वाले लोगों के वाहनों का मासिक पास 300 रुपए में बनेगा। 

टोल कम्पनी के सी.आर.ओ. इंग्लेश शर्मा ने बताया कि टोल शुल्क में 5 से 10 रुपए की बढ़ौतरी की गई है। नई टोल दरें शुक्रवार आधी रात के बाद से लागू हो जाएंगी। सिस्टम भी नए रेट के आधार पर शुक्रवार को अपडेट कर दिया जाएगा।

Rakhi Yadav