बैंक के उच्च अधिकारियों को डी.सी. के निर्देश, 24 घंटे चालू रखें ATM

12/15/2016 3:32:41 PM

रोहतक: डी.सी. अतुल कुमार ने विभिन्न बैंकों के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर 24 घंटे ए.टी.एम. चालू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला व पुलिस प्रशासन की ओर से रात को ए.टी.एम. बंद करने के कोई आदेश नहीं है। डी.सी. लगातार दूसरे दिन विभिन्न बैंकों में व्यवस्था देखने भी पहुंचे, वहीं एस.एस.पी. राकेश आर्य से बात कर रात को ए.टी.एम. बंद करने के आदेशों के बारे में स्थिति स्पष्ट की।

डी.सी. ने पुराना बस स्टैंड के पास स्थित भारतीय स्टेट बैंक का दूसरे दिन भी जायजा लिया और पालिका बाजार के पास विजया बैंक और लघु सचिवालय के स्टेट बैंक ऑफ पटियाला का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने विजया बैंक के ए.टी.एम. पर लाइन में लगे लोगों के साथ बात की और कहा कि जिला प्रशासन जल्द ही सभी बैंकों के ए.टी.एम. चालू करवा रहा है जिससे लोगों की काफी समस्या खत्म हो जाएगी। उन्होंने मौके पर ही ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स के उप महाप्रबंधक से बात कर विजया बैंक को 5 लाख रुपए की राशि अलाट करवाई। डी.सी. ने कहा कि जिला प्रशासन का पहला प्रयास यही है कि जिले के सभी बैंकों के ए.टी.एम. चालू करवाए जाएं और साथ ही 24 घंटे ए.टी.एम. का संचालन सुनिश्चित हो। 

सभी बैंकों के उच्च अधिकारी भी इस ओर सक्रियता से ध्यान देते हुए सभी ए.टी.एम. जल्द चालू करवाएं। किसी भी ए.टी.एम. में कैश खत्म न हो। अगर कैश को लेकर कोई दिक्कत आती है तो तुरंत अपने उच्च अधिकारियों और एल.डी.एम. से बात करें। उन्होंने अपने कार्यालय में विभिन्न बैंकों के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक भी की और बैंकिंग व्यवस्था में जल्द सुधार को लेकर विचार-विमर्श किया। 

उन्होंने कहा कि सभी उच्च अधिकारी निजी रुचि लेकर बैंकों का दौरा करें और व्यवस्था प्रबंधन को सुधारें, साथ ही ए.टी.एम. और बैंक में कैश खत्म होने से पहले ही उच्च स्तर पर अपनी मांग भेज दें। सभी अधिकारी अपने स्तर पर ए.टी.एम. का संचालन मॉनीटर करें और बैंकों में कैश देने की गति को भी बढ़वाएं। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि बैंकों और ए.टी.एम. में लगे सभी सी.सी.टी.वी. चालू हों।