जनता की समस्याओं के लिए पहली बार नगर निगम कमिश्नर ने लगाया खुला दरबार, सुनी लगभग सौ शिकायतें

10/17/2022 4:40:16 PM

रोहतक(दीपक): नगर निगम में पहली बार जनता की समस्याओं के लिए खुला दरबार लगाया गया। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर ने लगभग सौ शिकायतें सुनी,जिसमें ज्यादातर शिकायतें प्रॉपटी आईडी, सफाई व टैक्स को लेकर सामने आई थी।

नगर निगम कमिश्नर धीरेंद्र कुमार ने कहा कि इस खुले दरबार को लगाने का उनका उद्देश्य एक निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान करना है और अब यह खुला दरबार हर महीने लगाए जाएंगे,जिससे लोगों की समस्याओं का समाधान किया जा सके। इसके साथ ही कहा कि भ्रष्टाचार से संबंधित जो भी शिकायतें आई है, उनकी जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल लापरवाही करने वाले एक कर्मचारी को सस्पेंड किया गया है।  

बता दें कि रोहतक नगर निगम में आए दिन शहर के लोग टैक्स, सफाई, पानी की निकासी व प्रॉपर्टी आईडी की समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों के पास जाते है, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान हो सके। लोगों की इस परेशानी को देखते हुए नगर निगम के नवयुक्त कमिश्नर धीरेंद्र कुमार ने खुला दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने का फैसला लिया है। इसलिए पहली बार समाधान दिवस के अवसर पर खुला दरबार लगाया गया और लोगों की समस्याएं सुनी गई।

समस्या लेकर पहुंचे लोगों का कहना है कि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ठोकरे खानी पड़ती थी। लेकिन नए नगर निगम कमिश्नर की कार्यशैली को देखकर कुछ उम्मीद जगी है कि उनकी समस्याओं का समाधान हो सकता है। साथ ही लोगों ने कहा कि पहली बार खुला दरबार लगा है और समस्याएं सुनी गई है। इसके परिणाम आने के बाद ही तय किया जा सकता है कि इस खुले दरबार से फायदा है या नहीं,क्योंकि अभी तक उनकी समस्याएं ज्यों की त्यों बरकरार है।

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Ajay Kumar Sharma