हरियाणा में आफत की बारिश...खेलते-खेलते पानी में डूबा मासूम, तड़प-तड़प कर तोड़ा दम; तमाशबीन बने लोग

punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 04:03 PM (IST)

रोहतक (दीपक भारद्वाज) : रोहतक में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है जहाँ प्रवासी मजदूर का 8 साल का बेटा डूबता रहा ओर लोग तमाशा देखते रहे। वही करीबन एक घण्टे बाद पुलिस जवानों ने बारिश के पानी से भरे प्लाट से शव निकाला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रोहतक के रैनकपुरा इलाके की हैं। मृतक बच्चे की पहचान संतोष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि संतोष अपने दो भाइयों के साथ खेलने के लिए घर से बाहर गया था। खेलते-खेलते तीनों बच्चे बारिश के पानी से भरे प्लॉट में पहुंच गए। परिजनों के मुताबिक संतोष और उसके साथ मौजूद दो बच्चे पानी में डूबने लगे। दो बच्चे किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन संतोष पानी में फंस गया। 

PunjabKesari

आरोप है कि आसपास मौजूद लोग बच्चे को पानी में डूबता देखते रहे। दोनों बच्चे घर पहुंचे और परिवार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने बच्चे को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

PunjabKesari

मूल रूप से बिहार के रहने वाले नरेश रोहतक अपनी पत्नी गीता और छह बच्चों के साथ रहते हैं। इस हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां गीता ने बताया कि उसका बेटा खेलने गया था और उसे नहीं पता था कि बारिश का पानी उसके बच्चे की जिंदगी निगल लेगा। बता दें कि रोहतक में पिछले 24 घंटे के दौरान जमकर बारिश हुई है। जिले में सबसे ज्यादा 118 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में खुले प्लॉट और जलभराव वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मासूम की मौत ने एक बार फिर प्रशासन और आम लोगों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static