पाक को नहीं देंगे पानी, हरियाणा व पंजाब को बनाएंगे समृद्ध: गडकरी (VIDEO)

3/27/2018 9:28:15 AM

रोहतक(दीपक भारद्वाज): भारत-पाकिस्तान जब बने थे तो 3 नदियां भारत व 3 नदियां पाकिस्तान को मिली थीं। इसके बावजूद भारत की नदियों का पानी पाक में भेजा जा रहा है जिस पर किसी का ध्यान नहीं। अब केंद्र सरकार पाक को भेजे जाने वाला पानी रोकेगी और उस पानी से हरियाणा-पंजाब को समृद्ध बनाया जाएगा। साथ ही हिमाचल में 3 बांध बना रहे हैं जिससे पानी हरियाणा में आएगा और किसानों को इसका लाभ होगा। यह कहना है केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का। वह बीते दिन तृतीय कृषि नेतृत्व शिखर सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि आज भारत प्रगति व विकास की तरफ बढ़ रहा है। अमरीका जैसे विकसित देश की बराबरी करने के लिए देश का विकास हो रहा है जिसमें किसानों का 8 प्रतिशत योगदान है। किसान को अपनी भागेदारी को बढ़ाना होगा। उन्होंने कहा कि गांवों में किसानों को फसल के सही दाम नहीं मिल रहे, अच्छे स्कूल नहीं हैं, अस्पताल सहित अन्य सुविधाएं भी नहीं हैं जिस कारण ग्रामीण शहरों का रुख कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि हरियाणा में अनेक स्थानों पर पानी की समस्या है जिसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। 1 करोड़ 81 लाख हैक्टेयर जमीन को पानी के अंतर्गत लाने की योजना चल रही है। आज देश का किसान बिजली पैदा कर सकता है, पैट्रोल का विकल्प दे सकता है।  एक  टन  पराली  से 280 लीटर बायो  ईंधन  पैदा  किया जा सकता है। मात्र गेहूं-चावल लगाकर किसानों की तकदीर नहीं बदलेगी, गांवों की खेती को बदलना होगा, तकनीकी का प्रयोग करना होगा तभी किसानों की तकदीर बदलेगी।

Punjab Kesari