रोहतक का जाट अखाड़ा हत्याकांड, 6 हत्याओं के दोषी कोच व पूर्व फौजी को आज होगी सजा

2/21/2024 1:53:16 PM

रोहतक : हरियाणा में रोहतक के चर्चित जाट अखाड़ा हत्याकांड में आज कोर्ट द्वारा 2 दोषियों को सजा सुनाई जाएगी। इससे पहले 19 फरवरी को दोनों आरोपियों को कोर्ट ने दोषी करार दे दिया था। दोषी करार दिए गए दोनों आरोपियों में गोलियां मारकर कत्ल करने वाला कोच और उसे हथियार सप्लाई करने वाला शामिल है। इस मामले में रोहतक में एएसजे डॉ. गगनगीत कौर की कोर्ट द्वारा सजा सुनाई जाएगी। 

12 फरवरी 2021 को हुआ था हत्याकांड

पीड़ित पक्ष के एडवोकेट जय हुड्डा ने बताया कि जाट कॉलेज अखाड़ा हत्याकांड 12 फरवरी 2021 को हुआ था। उस दिन 7 लोगों को गोली मारी गई थी। मुख्य कोच मनोज मलिक, उनकी पत्नी साक्षी मलिक, गांव मांडोठी निवासी कोच सतीश, गांव मोखरा निवासी प्रदीप व महिला पहलवान यूपी के मथुरा निवासी पूजा तोमर की मौके पर ही मौत हो गई थी। मनोज के बेटे करीब 2 वर्षीय सरताज ने बाद में दम तोड़ दिया था। अखाड़े के बाहर गोली लगने से घायल हुए निडाना निवासी अमरजीत को गंभीर हालत में गुरुग्राम ले जाया गया था। यहां उनकी जान बच गई थी। तभी से जिला अदालत में केस की सुनवाई चल रही थी। पीड़ित पक्ष के वकील जय हुड्डा ने बताया कि सुखविंदर व मनोज दोनों को कोर्ट ने दोषी करार दे रखा है। अब उन्हें सजा सुनाई जाएगी।

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Writer

Manisha rana