निर्माणाधीन फैक्ट्री की छत ढही, काम कर रहे 4 मजदूर हुए घायल

10/23/2021 11:42:31 AM

पानीपत(सचिन):  शहर के  काबडी रोड कुलदीप नगर में आज सुबह निर्माणाधीन फैक्ट्री की छत गिर गई। इस दौरान 4 मजदूर मलबे के नीचेे दब गए। घायलों को पानीपत के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार कई महीनों से गोदाम को बनाने का काम चल रहा था कि आज अचानक ये हादसा हो गया। फिलहाल मौके पर लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। खबर लिखे जाने तक किसी जान के नुक्सान की सूचना नहीं मिली। 

प्रत्यक्षदर्शी विजय ने बताया कि साथ वाले शैड में काम कर रहे थे कि अचानक से शैड गिर गया। विजय ने बताया कि 4 दिन पहले इस शैड के नीचे रोलर भी चलाया गया था । उन्होंने कहा कि नए मॉडल की दो बाइक की शैड के नीचे दब गई है। कुछ मजदूर शैड के ऊपर व कुछ शैड के नीचे काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जो शैड के नीचे काम कर रहे थे उन्हें ज्यादा चोट आई है ।

मजदूर ने बताया कि सभी का इलाज सिविल हॉस्पिटल में चल रहा है।अचानक से शैड गिरने के कारणों का हालांकि अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। लेकिन 80 फुट लंबे शैड के नीचे एक भी पिल्लर ना होना इसकी बड़ी वजह मानी जा रही है।

Content Writer

Isha