INLD की परिवर्तन पद यात्रा का रूट मैप तैयार, 7 महीने में 4200 किलोमीटर का सफर किया जाएगा तय

2/5/2023 4:28:33 PM

बहादुरगढ़(प्रवीण कुमार) : कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब हरियाणा में इंडियन नेशनल लोकदल की पदयात्रा शुरू होने वाली है। अभय की परिवर्तन पद यात्रा के लिए रूट मैप तय हो गया है। हर रोज 15 से 20 किलोमीटर तक पैदल यात्रा की जाएगी। इस यात्रा में हर विधानसभा के गांव, कस्बे और शहर के लोगों से सीधा संवाद किया जाएगा। परिवर्तन पद यात्रा की तैयारियों के लिए बहादुरगढ़ में इनेलो कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। बैठक में इनेलो प्रदेशाध्यक्ष नफे सिंह राठी ने बताया कि 9 फरवरी तक सभी जिलों और विधानसभा सीटों का रूट तय हो जाएगा। उन्होंने बताया कि झज्जर जिले में चरखी दादरी से यात्रा प्रवेश करेगी और बहादुरगढ़ विधानसभा में दो दिन का ठहराव होगा। बहादुरगढ़ के बाद यात्रा सीधे सोनीपत जिले में प्रवेश कर जाएगी।

 


25 सितंबर को कुरुक्षेत्र में होगा यात्रा का समापन



राठी ने बताया कि परिवर्तन पद यात्रा से प्रदेश की सत्ता में परिवर्तन तय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से ज्यादा सफर परिवर्तन पद यात्रा के जरिए किया जाएगा। कांग्रेस ने जहां 3400 किलोमीटर सफर तय किया है, वहीं परिवर्तन पदयात्रा से अकेले हरियाणा में 4200 किलोमीटर का सफर पैदल तय किया जाएगा। 7 महीने तक यह यात्रा चलेगी और 25 सितंबर को कुरुक्षेत्र में रैली के साथ यात्रा का समापन होगा।

 


2024 में किसी भी दल के साथ समझौता करने को तैयार इनेलो : नफे सिंह



नफे सिंह राठी ने एक बार फिर से कहा कि भाजपा और जजपा को सत्ता से हटाने के लिए इनेलो किसी भी दल से समझौता कर सकती है। नफे सिंह राठी ने दावा किया 2024 में हरियाणा में सत्ता परिवर्तन होगा।

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)   

Content Writer

Gourav Chouhan