आर.पी.एफ. व जी.आर.पी. ने चलाया चैकिंग अभियान, सतर्कता बरतने के दिए आदेश

11/11/2019 9:40:19 AM

अम्बाला छावनी (हरिंद्र) : छावनी स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर आर.पी.एफ. व जी.आर.पी. सतर्कता बरत रही है। दोनों सुरक्षा एजैंसियों ने संदिग्धों व शरारती तत्वों की धरपकड़ के लिए रविवार रात औचक चैकिंग अभियान चलाया। चैकिंग के दौरान जहां संदिग्ध यात्रियों का सामान खंगाला गया तो वहीं यात्रियों को जहरखुरानी से बचने के उपाय भी बताए गए।

उत्तर रेलवे के सबसे बड़े व व्यस्त रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा सुविधाएं बेशक नाममात्र हैं। सबसे बड़ी परेशानी सी.सी.टी.वी. के कंडम हालात हैं। लेकिन इसके बाद भी आर.पी.एफ. व जी.आर.पी. अपने स्तर पर यात्रियों में सुरक्षा की भावना को पैदा करने के मकसद से औचक चैकिंग अभियान चला रही है। चैकिंग अभियान के दौरान मौजूद जी.आर.पी. इंस्पैक्टर रामबचन राय ने बताया कि सभी कर्मचारियों को सतर्कता बरतने के विशेष आदेश दिए गए हैं।

स्टेशन के प्रत्येक संवेदनशील स्थानों पर कर्मचारी तैनात किए गए हैं। आर.पी.एफ. एस.आई. दीपक कुमार ने बताया कि लगैज स्कैनर की मशीन ठीक हो गई है और वह अब सही तरीके से कार्य कर रही है। इसके अलावा आर.पी.एफ. कर्मचारी भी प्रत्येक प्लेटफार्म पर नजर बनाए हुए हैं। इस कार्य में स्नीफर डॉग डयूक की भी मदद ली जा रही है।

Isha