आरएसएस से जुड़ा किसान संगठन भी आंदोलनरत किसानों के समर्थन में उतरा, सरकार को दी चेतावनी

9/6/2021 11:43:35 AM

भिवानी (अशोक भारद्वाज): मुज्जफनगर में किसान महापंचायत के बाद भाजपा व आरएसएस से जुड़ा भारतीय किसान संघ भी सक्रिय होता नजर आ रहा है। अब भारतीय किसान संघ देश भर के सभी जिला मुख्यालयों पर आठ सितंबर को प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री से कृषि कानूनों में संशोधन की मांग करेगा। यह बात भारतीय किसान संघ के विभाग संगठन मंत्री सुंदरलाल ने भिवानी में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। 

उन्होंने कहा कि किसानों की मांगें ना मानना सरकार के अहम को दर्शा रहा है। सुंदर लाल ने कहा कि उनके संगठन ने कृषि कानूनों में संशोधन को लेकर देश के 24 हजार गांवों में से लगभग अढ़ाई लाख किसानों के हस्ताक्षर करवाकर प्रधानमंत्री कार्यालय में भेजे थे, लेकिन एक का भी जवाब आज तक नहीं आया है। उन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से कृषि कानूनों में संशोधन की मांग उठाई थी, परन्तु सरकार अपने अहम के कारण उन्हें जवाब नहीं दे रही। 

सुंदरलाल ने कहा कि देश में लगभग 650 किसान संगठन पंजीकृत है। जिनमें से 40 के लगभग किसान संगठन विभिन्न टोल प्लाजा व धरने-प्रदर्शन पर भागीदारी निभा रहे हैं। आठ सितंबर को भारतीय किसान संघ कृषि कानूनों में संशोधन की मांग को लेकर हर जिले में ज्ञापन सौंपेंगा। यदि सरकार फिर भी नहीं जागी तो भारतीय किसान संघ आठ सितंबर के बाद देशव्यापी आंदोलन की घोषणा करेगा। 
 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

vinod kumar