विज का बिजली कर्मचारियों को बड़ा तोहफा,ट्रांसफर पॉलिसी में बदलेंगे नियम... प्रमोशन की फाइलों पर खुद रखेंगे नजर

punjabkesari.in Wednesday, May 27, 2026 - 01:57 PM (IST)

चंडीगढ़:  ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि किसी भी कर्मचारी की जिंदगी मुआवजे से अधिक मूल्यवान है। उनका उद्देश्य मुआवजा देना नहीं, बल्कि कर्मचारियों की जान बचाना है। मंत्री विज ने ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशंस वर्कर्स यूनियन के पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में कर्मचारियों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की।

ऑनलाइन ट्रांसफर नीति को लेकर विज ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गठित 11 सदस्यीय समिति को यूनियन के सुझाव भेजे जाएंगे ताकि कर्मचारियों को आने वाली व्यवहारिक परेशानियों को नीति में शामिल किया जा सके। इसके अलावा रिक्त पदों पर अस्थायी स्थानांतरण के मामलों में भी सकारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। पदोन्नति के मुद्दे पर कहा कि किसी भी कर्मचारी को पदोन्नति में रुकावट का सामना नहीं करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तर हरियाणा और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगमों में समान नियमों के तहत पदोन्नति सुनिश्चित की जाए।

लंबित मामलों को जल्द निपटाने के आदेश देते हुए कहा कि वह स्वयं सभी स्थानांतरण और पदोन्नति फाइलों की टाइमलाइन पर नजर रखेंगे। बैठक में कर्मचारियों को रिस्क भत्ता देने की मांग पर अन्य राज्यों और विभागों की नीतियों का अध्ययन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं बिजली चोरी रोकने और दो फीडरों से बिजली लेने वाले डिफॉल्टर उपभोक्ताओं पर कार्रवाई करने के भी आदेश दिए गए।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static