बिजली दफ्तर के कंप्लेंट सेंटर में आ रही थी अजीबो-गरीब आवाजें, अंदर झांक कर देखा तो उड़ गए होश
punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 03:04 PM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर ज़िले के छछरौली बिजली दफ्तर के कंप्लेंट सेंटर में उस समय हड़कंप मच गया जब स्टोर रूम से लगातार तेज सिटी जैसी आवाज सुनाई देने लगी। आवाज सुनकर कर्मचारी स्टोर के अंदर पहुंचे तो वहां एक खतरनाक रसल वाइपर सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही कर्मचारियों के होश उड़ गए और पूरे दफ्तर में डर का माहौल बन गया। कर्मचारियों ने बताया कि हमें स्टोर से जोर-जोर की सिटी की आवाज सुनाई दे रही थी। जब हमने अंदर जाकर देखा तो वहां सांप मौजूद था। हमने तुरंत वाइल्डलाइफ विभाग को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही यमुनानगर वाइल्डलाइफ विभाग की टीम हरकत में आई और करीब 20 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। टीम ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के दौरान सांप काफी गुस्से में दिखाई दिया।यह रसल वाइपर सांप है, जो भारत के सबसे खतरनाक विषैले सांपों में से एक माना जाता है। रेस्क्यू के दौरान यह काफी आक्रामक था। गुस्से में इसने खुद को भी काट लिया, जिससे इसके शरीर से दो जगह खून निकलता दिखाई दिया।
वाइल्डलाइफ कर्मचारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें। तुरंत विशेषज्ञों या वन्यजीव विभाग को सूचना दें। उन्होंने बताया कि रसल वाइपर के काटने पर समय पर इलाज बेहद जरूरी होता है। यदि किसी व्यक्ति को रसल वाइपर काट ले तो बिना समय गंवाए तुरंत अस्पताल पहुंचकर एंटी-वेनम इंजेक्शन लगवाना चाहिए। समय पर उपचार जान बचा सकता है। फिलहाल वाइल्डलाइफ टीम ने रसल वाइपर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे प्राकृतिक आवास में छोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।