एस.सी. स्कॉलरशिप बंद करने से वुशू खिलाड़ियों में रोष

6/18/2018 10:21:34 AM

कुरुक्षेत्र(विनोद): हरियाणा वुशू संघ की बैठक पिपली रोड स्थित निजी होटल में हरियाणा सरकार के पूर्व अपर मुख्य सचिव एवं वुशू संघ के अध्यक्ष डा. आर.आर. फुलिया की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वुशू खेल से संबंधित कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्य मुद्दा हरियाणा सरकार द्वारा इस खेल में एस.सी. स्कॉलरशिप बंद करना रहा। हरियाणा के लगभग सभी जिलों से जिला वुशू संघ के सचिवों ने एकमत से निर्णय लिया कि इस विषय को लेकर प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री मनोहर लाल, खेल मंत्री अनिल विज व हरियाणा सरकार के खेल सचिव अशोक खेमका से मिलेगा। बैठक में फुलिया ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा वुशू को ग्रेडेशन व स्कॉलरशिप रोकने से खिलाडिय़ों एवं वुशू प्रेमियों में रोष है। इससे गरीब व दलित परिवार के खिलाडिय़ों को आघात लगा है। 

अगर यही हालात रहे तो इस खेल का कोई नाम नहीं रहेगा। हरियाणा सरकार तक वुशू खिलाडिय़ों की आवाज और अधिकार बुलंद करने के लिए संघ के सभी पदाधिकारी एकजुट हैं। इस मौके पर जिला कुरुक्षेत्र वुशू संघ के सचिव संतोष पासवान, कैथल से दीपक लोहट, अम्बाला से सुरेंद्र पासी, करनाल से संदीप गोस्वामी, पानीपत से कुलदीप सिंह, भिवानी से सोमवीर वशिष्ठ, हिसार से कृष्ण कुमार, खेल विभाग के कोच नरेंद्र सिंह, राममेहर सिंह और उमाशंकर दास मौजूद रहे।

Rakhi Yadav