एस.वाई.एल. का पानी हर हाल में लेकर आएंगे: अभय चौटाला(video)

5/23/2018 8:00:26 AM

फतेहाबाद: एस.वाई.एल. का पानी लाने के लिए चाहे किसी भी हद तक जाना पड़े इनैलो कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेंगे। जो भी कीमत चुकानी पड़ेगी वो चुकाएंगे लेकिन पानी लेकर आएंगे। यह बात नेता प्रतिपक्ष अभय चौटाला ने जेल भरो आंदोलन के दौरान फतेहाबाद की अनाजमंडी स्थित पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। अभय चौटाला ने कहा कि फतेहाबाद में हजारों लोगों ने जेल भरो आंदोलन के तहत गिरफ्तारियां दी लेकिन इतना बड़ा आंदोलन होने के बाद सरकार की तरफ से कोई भी प्रशासनिक अधिकारी तैनात नहीं किया गया। इससे सरकार की नीयत साफ झलकती है। सब मंत्री भ्रष्टाचार करने में लगे हैं।

अभय चौटाला ने सरकार को चेतावनी दी कि दिल्ली में जो संसद घेराव का कार्यक्रम हो रहा है, उसके बाद भी प्रदेश व केंद्र सरकार नहीं जागी तो इसका खमियाजा सरकार को भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए। इस दौरान 20 बसों में भरकर इनैलो व बसपा कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन बनी अस्थायी जेल में ले जाया गया। करीब अढ़ाई बजे इनैलो नेता अभय चौटाला की गिरफ्तारी हुई। इस दौरान सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, निशान सिंह, प्रकाश भारती, बलवान सिंह दौलतपुरिया, रविंद्र बलियाला सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Rakhi Yadav