पानीपत के सिंघम कांस्टेबल को लेकर साध्वी देवा ठाकुर का बड़ा बयान, पत्नी पर भी लगाए गंभीर आरोप

2/13/2023 11:35:12 AM

पानीपत : हरियाणा पुलिस के चर्चित हेड कांस्टेबल आशीष कुमार की गिरफ्तारी मामले में बयानबाजी का दौर लगातार जारी है। अब इस प्रकरण में साध्वी देवा ठाकुर की भी एंट्री हो गई है। देवा ठाकुर ने आशीष कुमार की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि यूनिफार्म पहनकर दूसरे वर्दी वाले की बेइज्जती करना बिल्कुल गलत है। यही नहीं साध्वी देवा ठाकुर ने आशीष कुमार पर वर्दी में वीडियो बनाकर वाहवाही लूटने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि आशीष कुमार वीडियो बनाता है और कुछ 20-30 यू-ट्यूबर इसे खबर के रूप में चलाते हैं।

 

 

साध्वी देवा ठाकुर ने आशीष कुमार की पत्नी पर लेन-देन का आरोप होने की कही बात

साध्वी देवा ठाकुर ने यू-ट्यूब पर एक वीडियो जारी करते हुए सिंघम आशीष कुमार पर गंभीर आरोप लगाए। यही नहीं इस दौरान उन्होंने सिंघम की पत्नी के ऊपर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आशीष कुमार की पत्नी पर 5 लाख रुपए के लेनदेन का आरोप है। वहीं साध्वी देवा ठाकुर ने कहा कि पानीपत के एसपी इक ईमानदार ऑफिसर हैं। उनकी देखरेख में सभी पुलिस अधिकारी अच्छी प्रकार से काम कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने बड़े-बड़े बदमाशों के घुटने टिकवा दिए। साध्वी देवा ठाकुर ने आगे कहा कि वर्दी की एक गरिमा होती है। यानी सिंघम की गिरफ्तार को सही ठहराते हुए देवा ठाकुर ने आशीष कुमार को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है।

 

 

नवीन जयहिंद समेत सिंघम का समर्थन करने वालों पर देवा ठाकुर का हमला

साध्वी देवा ठाकुर ने न सिर्फ सिंघम बल्कि उनका साथ देने वाले लोगों को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आशीष कुमार वाहवाही लूटने के लिए वीडियो बनाता है और कुछ यू-ट्यूबर उसे प्रसारित करते हैं। उन्होंने कहा कि 20-30 लोग हैं, जिन्हें आशीष कुमार की गिरफ्तारी से दिक्कत हुई है। इस दौरान उन्होंने आशीष कुमार का समर्थन करने की बात कहने वाले आप हरियाणा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नवीन जयहिंद को भी नहीं बख्शा। माना जा रहा है कि देवा ठाकुर के बाद सिंघम के मामले में एक बार फिर बयानबाजी का दौर तेज होगा और नवीन जयहिंद समेत आशीष कुमार का समर्थन करने वाले लोगों की ओर से भी देवा ठाकुर के इस बयान को लेकर प्रतिक्रिया आ सकती है।

 

 

दो थानों की पुलिस ने पुलिस लाइन के क्वार्टर से किया था गिरफ्तार

बता दें कि एएसआई मुकेश पर अवैध वसूली करने के आरोप लगाने के दौरान उनके साथ सिंघम का झगड़ा हो गया था। आशीष कुमार ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर एएसआई पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद सिंघम ने यह खुलासा किया कि उनके खिलाफ बीती 2 फरवरी को ही एफआईआर दर्ज हो चुकी है। वहीं बीते दिन ही दो थानों की पुलिस ने सिंघम को पुलिस लाइन के क्वार्टर से अर्धनग्न अवस्था में गिरफ्तार कर लिया था। साथ ही सिंघम के पिता को भी गिरफ्तार कर लिया, लेकिन उन्हें रास्ते में ही छोड़ दिया। सिंघम के पिता ने मीडिया से भावुक होकर कहा था कि जुल्म के खिलाफ आवाज उठाने पर उनके बेटे को इनाम दिया गया है। उन्होंने कहा था कि यह सारा काम पानीपत के भ्रष्ट अधिकारियों की शह पर हो रहा है। ऐसे लोगों को फांसी की सजा मिलना चाहिए।

 

 

2 फरवरी को वीडियो जारी कर एएसआई पर लगाए थे गंभीर आरोप

गौरतलब है कि बीती 2 फरवरी को एक एएसआई के साथ कांस्टेबल आशीष कुमार की हाथापाई हो गई थी। आशीष कुमार ने एक वीडियो जारी कर एएसआई पर अवैध वसूली करने के आरोप लगाए थे।आशीष कुमार ने एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि कई पुलिसकर्मी पानीपत में वाहन चालकों से अवैध वसूली कर हर दिन हजारों रुपए की कमाई करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां पुलिसकर्मी सरेआम रिश्वत लेते हुए नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। हेड कांस्टेबल ने बताया कि उनके पास वीडियो में सबूत भी है। इसके बावजूद उनके खिलाफ ही कार्रवाई की जाती है। आशीष कुमार ने कहा कि ईमानदारी से काम करने पर उनके खिलाफ ही कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन के अधिकारी सरेआम हो रही रिश्वतखोरी को रोक नहीं पा रहे है। सिंघम पुलिसकर्मी ने कहा कि उन्हें एक बार फिर से लाइन हाजिर कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशासन को चूड़ियां पहन लेनी चाहिए। यही नहीं उन्होंने कहा कि उन्हें नौकरी जाने का कोई डर नहीं है। अधिकारी चाहें तो उन्हें आज ही नौकरी से निकाल दें।

 

 

सिंघम ने इस मामले में बड़े अधिकारियों का हाथ होने की कही थी बात

2 फरवरी को घटना के बाद सिंघम पुलिसकर्मी गृह मंत्री अनिल विज के दरबार में भी पहुंचे थे, जहां विज ने उन्हें मामले की जांच करवाने का आश्वासन दिया था। एएसआई के साथ हुई बहस की घटना के बाद आज उन्होंने अपने ऊपर एफआईआर होने की बात कही है। वैसे तो यह एफआईआर बीती 2 फरवरी को ही दर्ज की गई थी, लेकिन इसकी जानकारी आज खुद सिंघम ने ही वीडियो जारी कर दी है। आशीष कुमार ने बताया कि उनके खिलाफ आईपीसी की धारा 186,323,332,353,506 व 120-बी के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सिंघम ने कहा कि उन्होंने उसी दिन सबूतों के साथ एएसआई मुकेश त्यागी के खिलाफ शिकायत दी थी। इसके बावजूद उसके खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। आशीष कुमार ने कहा कि इस मामले में जरुर बड़े अधिकारियों का हाथ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी ईमानदारी किसी को रास नहीं आ रही है। दरअसल वे अपना काम करते हुए पुलिस के कई अधिकारियों के काले कारनामे उजागर कर रहे हैं। इसलिए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। वहीं उन्होंने कहा कि वे गुरुवार को पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में जाकर अपनी गिरफ्तारी देंगे। 

 

 (हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)  

 

Content Writer

Gourav Chouhan