मार्केट कमेटी के गेट पर वेतन की मांग को लेकर सफाई कर्मियों ने किया प्रदर्शन

4/4/2023 6:46:39 PM

टोहाना (सुशील सिंगला) : मार्केट कमेटी में ठेकेदार के अंतर्गत काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को 2 महीने से वेतन नहीं मिला है। जिसके चलते सफाई कर्मचारियों की माली हालात खराब हो गई है। बकाया वेतन की मांग को लेकर मंगलवार को सफाई कर्मचारियों ने मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने कहा कि ठेकेदार ने जल्द वेतन नहीं दिया तो वह इस हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़तान में तब्दील करने को मजबूर हो जाएंगे। इससे होने वाली परेशानी की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

अधिकारियों के कई चक्कर लगा चुके हैं प्रदर्शनकारी

प्रदर्शनकारी राज देवी, रामकली, रानी, मीना, शेर सिंह, विशाल, जोनी व सुखदेव ने बताया कि ठेकेदार राजेंद्र पूनिया के अंतर्गत हम सभी कर्मचारी काम कर रहे हैं। लेकिन ठेकेदार उन्हें वेतन नहीं दे रहा है। जिसके चलते उनके सामने रोजी रोटी का संकट आ गया है। उन्होंने बताया कि स्कूल में बच्चों के दाखिले भी करवाने हैं। लेकिन उनके पास कुछ भी नहीं है। कर्मचारियों ने बताया कि पहले 12 कर्मचारी काम करते थे। लेकिन 5 कर्मचारियों को हटाने के बाद अब 7 कर्मचारियों में से चार को अनाज मंडी व सब्जी मंडी में काम करवाया जा रहा है। उसके बावजूद वेतन नहीं दिया जा रहा है। इस समस्या को लेकर हम लोग कई बार अधिकारियों का चक्कर लगा चुके हैं। लेकिन ठेकेदार राजेंद्र पूनिया द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। जब तक उनको वेतन नहीं मिलेगा। वह हड़ताल से नहीं उठेंगे। गेंहू का सीजन आ चुका है यदि हड़ताल लंबी गई तो समस्त परेशानियों की जिम्मेदारी प्रशासन की है।

ठेकेदार को दे चुके हैं नोटिस- सचिव

ठेकेदार राजेंद्र पूनिया से बात की तो उन्होंने बताया कि जिसने जल्दी वेतन देने की बात कही है। अब उस ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी किया गया है, इससे पहले भी उसे नोटिस दिया गया था। आगामी कार्रवाई के लिए मुख्यालय को लिखा जाएगा।

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Mohammad Kumail