सिविल अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा रामभरोसे, करोड़ों के उपकरण फांक रहे धूल

12/12/2019 11:56:12 AM

जींद (जसमेर/ललित) : जिले के सिविल अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा रामभरोसे हैं। यहां पर नई बिल्डिंग को आधुनिक तरीके से बनाया गया है लेकिन इनमें लगाए गए उपकरण धूल फांक रहे हैं। डैमो के बाद उपकरणों को बंद कर दिया गया है। विधायक के दौरे के बाद भी सिविल अस्पताल प्रशासन की कुंभकर्णी नींद नहीं खुल रही है। सेफ्टी टैंक में पानी भरने का काम कागजी कार्रवाई में उलझा हुआ है।

नई दिल्ली में एक फैक्टरी में 42 से ज्यादा लोगों की मौत के बाद भी जींद के सिविल अस्पताल प्रशासन की नींद नहीं खुल रही है। सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग अत्याधुनिक तरीके से बनाई गई है। प्रत्येक ब्लाक में फायर सेफ्टी उपकरण लगाए गए हैं और धूम्रपान करने पर अलार्ट की व्यवस्था भी यहां की गई है लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी से यह सब कुछ खिलौने बने हुए हैं।

पिछले महीने विधायक डा. कृष्ण मिढ़ा ने खुद सिविल अस्पताल में व्यवस्थाओं को देखा था। इस दौरान यहां पर बनाया गया फायर सेफ्टी टैंक में उनको पानी नहीं मिला था। इसको लेकर उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विभाग के कार्यकारी अभियंता ने इलैक्ट्रिकल ब्रांच के एस.डी.ओ. को पत्र लिखकर फायर सेफ्टी टैंक को चालू करने के निर्देश दिए थे। आदेशों के 14 दिन बाद भी सिविल अस्पताल के फायर सेफ्टी टैंक में पानी नहीं डाला गया है और न ही इसे चालू किया गया है।

Isha