जेपी दलाल के बयान की निंदा भी नहीं कर पा रहे भाजपाई, दादरी में नायब सैनी ने झाड़ा पल्ला

12/1/2023 5:55:14 PM

चरखी दादरी(पुनीत): भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा भाजपा का नया संगठन जल्द बनेगा। प्रदेशभर के सभी जिलों में नागरिक अभिनंदन कार्यक्रमों के बाद पार्टी हाईकमान से रायशुमारी करेंगे। उन्होंने कहा कि अब नई जिम्मेदारी मिली है, उनका लक्ष्य अब हरियाणा की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतकर पार्टी की झोली में डालना है। हरियाणा में जो मनोहर सरकार ने काम किए हैं, उसी तर्ज पर ही भाजपा आगामी 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ेगी और विकास ही मुद्दा रहेगा।

24 घंटे खुले हैं पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए द्वार

दरअसल भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद नायब सिंह सैनी पहली बार दादरी में पहुंचे थे। रेस्ट हाउस में पार्टी द्वारा आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में उनको कई संगठनों द्वारा सम्मानित किया गया। समारोह में विधायक सोमबीर सांगवान, बबीता फोगाट, सुखविंद्र मांढी, कुलदीप जोश सहित प्रदेशस्तरीय नेता भी उपस्थित रहे। अपने संबोधन में नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं को आगामी लोकसभा चुनावों में हरियाणा की सभी 10 सीटों पर कमल खिलाने का आह्वान किया और कहा कि भाजपा के छोटे से लेकर बड़े कार्यकर्ताओं के लिए उनके 24 घंटे द्वार खुले हैं। पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता फील्ड में उतर जाएं और उनको मिली जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

कृषि मंत्री के बयान को सैनी बताया निजी बयान

मीडिया से बात करते हुए प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी ने जहां गठबंधन को लेकर कोई संशय नहीं होने की बात कही। वहीं कहा कि हरियाणा में भाजपा का चुनाव के बाद जजपा से गठबंधन हुआ है। गठबंधन आगे बढ़े या नहीं यह फैसला पार्टी हाईकमान करेगा। कृषि मंत्री जेपी दलाल के बयान को लेकर नायब सैनी ने पल्ला झाड़ते हुए कहा कि पार्टी से मंत्री के बयान का कोई लेना-देना नहीं है। उनका अपना बयान है। भाजपा में गुटबाजी को लेकर पूछे सवाल का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा में नहीं बल्कि कांग्रेस में गुटबाजी है। कांग्रेसी कभी एक मंच पर नहीं बैठ सकते। वहीं दूसरी भाजपा में एकजुटता देखने को मिलेगी। साथ ही कहा कि डबल इंजन की हरियाणा सरकार ने हरियाणा में विकास कार्य कर रिकॉर्ड बनाया है। आगे भी डबल इंजन की सरकार चलेगी। एक सवाल के जवाब में कहा कि ऑनलाइन सेवाओं में खामियां जरूर आईं हैं, जिसे सुधारा जा रहा है। विपक्ष दुष्प्रचार कर वाही-वाही लूटने का असफल प्रयास कर रही है।  

(हरियाणा की खबरें अब व्हाट्सऐप पर भी, बस यहां क्लिक करें और Punjab Kesari Haryana का ग्रुप ज्वाइन करें।) 
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

Content Editor

Saurabh Pal