सैनी के आक्रामक होने व भाजपा सरकार की चुप्पी विपक्ष को अखरने लगी

9/2/2018 11:29:43 AM

पंचकूला(धरणी): सैनी के आक्रामक होने व भाजपा सरकार की चुप्पी विपक्ष को पूरी तरह से अखरती नजर आ रही है। यही कारण है की विपक्ष ने राजकुमार सैनी के अलग पार्टी पर भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाया है। इनैलो व कांग्रेस दोनों ने आरोप लगाया कि भाजपा की शह पर ही राजकुमार सैनी ने अलग पार्टी बनाई है और इसके माध्यम से ही भाजपा सत्ता में फिर से आना चाहती है। 

इनैलो नेता आर.एस. चौधरी ने कहा कि सैनी की अलग पार्टी के पीछे भाजपा का ही हाथ है। प्रदेश के मंत्री सीधे तौर पर सैनी की आलोचना करते नजर आते हैं, मगर पार्टी की तरफ से केवल एक बार उन्हें अनुशाशनहीनता को लेकर नोटिस दिया गया था मगर उस पर कार्रवाई नहीं की गई। चौधरी ने कहा कि भाजपा के इशारे पर ही सैनी ने पार्टी बनाई है और इसके माध्यम से ही भाजपा सत्ता में दोबारा आना चाहती है।  वहीं, कांग्रेस के नेता केवल ढींगरा ने भी आरोप लगाया कि राजकुमार सैनी की अलग पार्टी के पीछे भाजपा का हाथ है। ढींगरा ने कहा कि राजकुमार सैनी ने पार्टी बना ली है तो भाजपा को खुद उनके खिलाफ एक्शन लेना चाहिए। मगर भाजपा ने एक्शन नहीं लिया इसमें पेंच है। ढींगरा ने कहा की प्रकाश सिंह कमेटी में भी सैनी का नाम है। 

अभी तक एक्शन नहीं लेना दर्शाता है की आपस में मिलीभगत है। सैनी की पार्टी के 5 मुद्दों में से एक राज्यसभा को समाप्त किए जाने को लेकर ढींगरा ने कहा कि इस तरह के बयान हास्यास्पद हैं। वहीं पानीपत में सैनी की लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी की रैली को लेकर उन्होंने कहा कि सैनी ने अभी भाजपा को छोड़ा नहीं है इसलिए यह जांच का विषय है की रैली किस बैनर के नीचे होगी। हरियाणा के कृषि मंत्री से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सैनी समेत 2 लोग हैं, जिन पर वो कभी टिप्पणी नहीं करते। 
 

Deepak Paul