सीवन में सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका की गाड़ी तोड़ी, JE, क्लर्क और ड्राइवर पर किया हमला; थाने में शिकायत दर्ज
punjabkesari.in Tuesday, Sep 01, 2026 - 06:08 PM (IST)
कैथल (जयपाल रसूलपुर) : सीवन में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान नगर पालिका की सरकारी गाड़ी पर हमला करने का मामला सामने आया है। नगर पालिका सीवन के सचिव ने सीवन थाना पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि सफाई कर्मचारियों के परिवार के सदस्यों ने सरकारी जीप पर कस्सी से हमला कर उसका पिछला शीशा तोड़ दिया। इस दौरान जीप में सवार कनिष्ठ अभियंता (जेई), क्लर्क और ड्राइवर बाल-बाल बच गए।
नगर पालिका सचिव की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार, 1 सितंबर को दोपहर करीब 3 से 3:30 बजे कनिष्ठ अभियंता प्रवीण कुमार और क्लर्क दीपक सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर सरकारी जीप से कार्यालय की ओर लौट रहे थे। जब वे सोसायटी बैंक के पास पहुंचे तो हड़ताल कर रहे सफाई कर्मचारियों के परिवार के सदस्य शिवम और रोशन ने कथित तौर पर कस्सी के माध्यम से सरकारी जीप पर हमला कर दिया।
शिकायत के मुताबिक, कस्सी का वार जीप के पिछले शीशे पर लगा और शीशा टूट गया। हमले के समय जेई, क्लर्क और ड्राइवर जीप में मौजूद थे। चालक ने बचाव के लिए गाड़ी को मौके से निकाल लिया। शिकायत में कहा गया है कि यदि वाहन समय रहते वहां से नहीं निकलता तो अधिकारियों और चालक को जान-माल का नुकसान हो सकता था।
घटना के समय मौके पर सफाई कर्मचारी सतीश पुत्र हरी सिंह, संतोष पत्नी सुभाष सहित करीब 10 से 15 सफाई कर्मचारी भी मौजूद बताए गए हैं।
नगर पालिका सचिव ने पुलिस से सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने सहित अन्य लागू धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की है। शिकायत की प्रतियां संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को भी भेजी गई हैं। सीवन थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर मुकेश रानी ने बताया कि नगर पालिका सचिव की तरफ से शिकायत प्राप्त हुई है, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है, जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी अनुसार कार्रवाई की जाएगी।