संत गोपाल दास ने पुलिस पर लगाया नजरबंद करने का आरोप

6/16/2018 5:39:20 PM

गोहाना(सुनील जिंदल): सोनीपत में आज होने वाले सीएम के रोड शो के चलते गोहाना में संत गोपाल दास ने पुलिस पर नजरबंद करने का आरोप लगाया। संत गोपाल दास गोहाना में जैन स्थानक में सुंदर मुनि महाराज के दर्शन करने के लिए आए थे। आज उन्हें उत्तराखंड में वन बचाओ आंदोलन को लेकर चल रहे गुर्जर समाज के लोगों के आंदोलन में शामिल होकर चीफ जस्टिस, पीएम के नाम ज्ञापन सौपना था, लेकिन आज सोनीपत में प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के रोड शो के चलते उन्हें पुलिस ने स्थानक में ही नजरबंद कर लिया।

वहीं संत गोपालदास ने कहा कि सरकार महिलाओं व गाय की रक्षा को लेकर गंभीर नहीं है। गो तस्करी व महिलाओं से अत्याचार की सूचना मिलने के घंटों बाद तक पुलिस नहीं पहुंचती है, लेकिन एक संत को नजरबंद करने के लिए पूरे प्रशासनिक बल का प्रयोग कर दिया गया। उन्होंने कहा कि नजरबंद किए जाने के बाद उन्होंने पुलिस कर्मियों से लिखित में आदेश मांगे, लेकिन पेश नहीं किए। उन्होंने कहा कि समाज में भाजपा सरकार आम आदमी के लोकतंत्रिक अधिकारों को छीन रही है।



उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधा कि भाजपा नेता राम राज्य की बात करते थे, क्या आम आदमी को नजरबंद करना राम राज्य है। उन्होंने कहा कि सरकार संत से भयभीत है। उन्होंने कहा कि उन्हें भाजपा सरकार के राज में 5वीं बार नजरबंद किया गया है, दो बार रोहतक, एक बार सोनीपत के अलावा अब गोहाना में उनके साथ ये मामला हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार ने एक बार मुद्दे में अपने आप को फंसते हुए देख, गुरमीत राम रहीम की तरह आरोप लगाकर उन्हें फंसाने की भी बात कहीं थी।

इस मामले में गोहाना सिटी थाना के एसएचओ कुलदीप देसवाल ने कहा की उन्हें नजर बंद नहीं किया गया उनकी सुरक्षा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ये कदम उठा रही है।

Shivam