सपना चौधरी के पति का फेसबुक पेज हैक, पुलिस को दी शिकायत

4/2/2022 1:28:35 PM

हांसी (संदीप सैनी ): हरियाणवी कलाकार सपना चौधरी के पति वीर साहू ने हांसी पुलिस को एक शिकायत दी है। शिकायत में कहा गया है कि किसी ने उनका फेसबुक पेज हैक कर लिया है। वीर साहू ने शिकायत में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाने की मांग की है। शिकायत में उन्होंने कहा है कि हैकर उनके फेसबुक पेज का गलत प्रयोग कर सकता है। हांसी की एसपी ने शिकायत को साइबर सैल को मार्क कर दिया है।


सपना चौधरी का पति वीर साहू हरियाणा का जाना-माना कलाकार है। पेज हैक होने के बाद वीर साहू ने सोशल-मीडिया के माध्यम से अपने चाहने वालों को इसकी जानकारी दी है। जानकारी के अनुसार वीर साहू का गुरुवार को फेसबुक पेज हैक हो गया था। इसके बाद वीर साहू ने सोशल मीडिया के माध्यम से पेज हैक होने की जानकारी शेयर की थी। वहीं शुक्रवार को वीर साहू द्वारा हांसी पुलिस को लिखित में शिकायत दी गई है।



शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल इस मामले की जांच कर रही है। हांसी की एसपी नितिका गहलोत से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पेज हैक होने की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत को साइबर सेल में भेज दिया गया है। जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया गया उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। वही वीर साहू ने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर कहा है पेज हैक होने की शिकायत पुलिस को दे दी है।  

Content Writer

Isha