4 दिन बाद भी नहीं मिला सर्वजीत का शव, पुलिस के हाथ खाली

3/1/2018 1:32:27 PM

यमुनानगर(ब्यूरो): तेजली के सर्वजीत को पश्चिमी यमुना नहर में डूबे 4 दिन हो गए। उस दिन से उनका परिवार और ग्रामीण घाट किनारे ही मौजूद है। वे सिर्फ ये चाहते हैं कि जल्द से जल्द सर्वजीत मिल जाए। इधर ग्रामीणों में गुस्सा भी देखा गया। उनका गुस्सा जिला प्रशासन की अनदेखी के खिलाफ था। तेजली गांव के जीत सिंह ने बताया कि खुद के खर्चे से लाइट लगवाई, ताकि रात में बच्चे की तलाश की जा सके।

ग्रामीण दिन-रात पहरा दे रहे हैं। प्रशासन की ओर से जो नाव मंगवाई गई है उस पर सिर्फ एक ही व्यक्ति है। ऐसे में खोज सही तरीके से नहीं हो पाई। सिंह के मुताबिक उन्होंने खुद के खर्च से बाड़ी माजरा व मधुबन से गोताखोर मंगवाए ताकि सर्वजीत की तलाश जल्द से जल्द हो सके। वहीं उन्होंने तहसीलदार से लेकर डी.सी. को काल करने की बात कही

आरोप है कि किसी ने भी फोन नहीं उठाया। दोपहर 1 बजे डी.आर.ओ. का फोन आया। इसके बाद अन्य सरकारी कर्मचारी आए। उनका कहना है कि वे प्रशासन की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। दुख की इस घड़ी में प्रशासन से उनको साथ नहीं मिल रहा है। यदि प्रशासन का साथ मिलता तो सर्वजीत का पता जल्द ही चल जाता।