एक ही छलांग में बचा लिया पूरा परिवार, नारायणा गांव के सचिन बने मिसाल, एसपी ने किया सम्मानित

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 08:14 PM (IST)

समालखा (विनोद लाहोट): दिल्ली पैरलल नहर में गिरी कार से दंपति और उनके तीन मासूम बच्चों की जान बचाने वाले नारायणा गांव के युवक सचिन छौक्कर को बुधवार को पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह (आईपीएस) ने जिला सचिवालय में सम्मानित किया। एसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर उनके साहस की सराहना की और युवाओं को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

घटना 20 मार्च की रात करीब 8 बजे की है, जब नारायणा पुल के पास एक होंडा सिटी कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। कार में सौदापुर निवासी दीपक अपनी पत्नी और तीन छोटे बच्चों (2 साल का बेटा व 2 और 7 साल की बेटियां) के साथ सवार थे। इसी दौरान पास से गुजर रहे सचिन छौक्कर ने हालात की गंभीरता को भांपते हुए बिना अपनी जान की परवाह किए नहर में छलांग लगा दी। उन्होंने कार का पिछला शीशा तोड़कर एक-एक कर सभी पांचों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी इस बहादुरी से पूरा परिवार सकुशल बच गया।

सूचना मिलते ही तत्कालीन थाना प्रभारी सब-इंस्पेक्टर गुलशन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से कार को नहर से बाहर निकलवाया। इस सराहनीय कार्य के लिए उन्हें भी सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में पानीपत बार एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र दूहन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने सचिन की बहादुरी की प्रशंसा की। एसपी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे साहसी युवाओं के आगे आने से समाज में सुरक्षा की भावना मजबूत होती है और अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलती है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)          


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static