रोहतक डैंटल कालेज में एस.सी. की सीट पर जनरल कैटेगरी की भर्ती पर हाईकोर्ट का स्टे

12/1/2019 11:54:09 AM

अम्बाला शहर (रीटा/कोचर): रोहतक पी.जी.आई. के डैंटल कालेज में चहेतों को लाभ देने के लिए एस.सी. कैटेगिरी की सीट पर जनरल कैटेगिरी की भर्ती निकालने का मामला तूल पकड़ गया है। डैंटल कालेज में पीडोडोंटिक्स के पद पर सहायक प्रोफैसर की भर्ती का मामला अब पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में पहुंच गया है।  हाईकोर्ट ने शुक्रवार को भर्ती पर स्टे लगाते हुए रोक लगा दी है, जबकि इस पद के लिए 28 नवम्बर को जनरल कैटेगिरी के उम्मीदवारों का कालेज में साक्षात्कार हो चुका है। इस मामले को पंजाब केसरी ने प्रकाशित किया था जिसके बाद स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने जांच करवाई थी। डैंटल कालेज में आरक्षित सीटों के साथ छेड़छाड़ करने का यह पहला मामला नहीं है। 

पहले भी एस.सी. की सीट पर जनरल की भर्ती को कोर्ट के आदेश पर रद्द किया जा चुका है। जानकारी के मुताबिक पी.जी.आई.एम.एस. में अलग-अलग विभागों में विभिन्न पदों की भर्ती निकाली गई थी।  इसमें हरियाणा सरकार की ओर से जारी नियम और आरक्षण रोस्टर के मुताबिक माइक्रो बायोलॉजी विभाग में सहायक पद पर होने वाली भर्ती में ओ.बी.सी. और डैंटल कालेज में पीडोडोंटिक्स सहायक प्रोफैसर के पद पर एस.सी. उम्मीदवार को सीट मिलनी चाहिए थी, लेकिन अधिकारियों ने यहां आरक्षण से छेड़छाड़ करते हुए दोनों पद सामान्य कैटेगिरी के लिए निकाल दिए, जबकि रोस्टर के मुताबिक किसी भी भर्ती में चौथा नम्बर एस.सी. और 10वां नम्बर ओ.बी.सी. कैटेगिरी को दिया जाता है।

ऐसे हुआ मामले का खुलासा
आरक्षण व रोस्टर के मुताबिक भर्ती नहीं किए जाने पर डा. अम्बेदकर मिशनरीज विद्यार्थी एसोसिएशन ने इसका विरोध किया। भर्ती को लेकर आर.टी.आई. लगाई तो जवाब मिला कि रोस्टर में चौथा व 8वां नम्बर एस.सी. और 10वां नम्बर ओ.बी.सी. कैटेगिरी का आता है, जबकि दोनों पदों के लिए निकाली भर्ती सामान्य पद के लिए है। अधिकारियों ने इस गड़बड़ी को छिपाने के लिए आरक्षण में ही छेड़छाड़ करते हुए जल्दबाजी में नया रोस्टर तैयार कर दिया। एक अन्य आर.टी.आई. में जवाब दिया कि 13 सितम्बर, 2015 को डैंटल विभाग में सैकेंड पोस्ट बनाई गई थी। दावा किया गया था कि इस रोस्टर को जिला सामाजिक वैल्फेयर विभाग की ओर से वैरीफाई करवाया गया है।

Isha