हरियाणा में इन बच्चों का रूक जाएगा बोर्ड का रिजल्ट, अगर नहीं किया ये काम... शिक्षा विभाग ने दिए सख्त आदेश
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 02:00 PM (IST)
डेस्क: बोर्ड परीक्षाएं खत्म होते ही सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए एक और अहम प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। हरियाणा के राजकीय स्कूलों में दसवीं और बारहवीं में पढ़ रहे विद्यार्थियों को परीक्षा समाप्त होने के पांच दिन के भीतर स्कूल से मिले टैबलेट वापस करने होंगे। शिक्षा विभाग ने ई-अधिगम योजना के तहत दिए गए टैबलेट की वापसी को लेकर सभी जिलों के स्कूलों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि सत्र समाप्ति के साथ ही प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
ई-अधिगम योजना के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को डिजिटल पढ़ाई को बढ़ावा देने के लिए टैबलेट और सिम उपलब्ध कराए गए थे। अब शैक्षणिक सत्र 2025-26 समाप्ति की ओर है और बोर्ड व वार्षिक परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने पहले से ही वापसी प्रक्रिया स्पष्ट कर दी है। स्पष्ट है कि जो छात्र आगे उसी स्कूल में पढ़ाई जारी रखेंगे, उन्हें राहत मिलेगी। लेकिन जो छात्र स्कूल छोड़ रहे हैं, उन्हें परीक्षा समाप्त होते ही पांच दिन के भीतर टैबलेट जमा करना अनिवार्य होगा।
बारहवीं के सभी विद्यार्थियों को परीक्षा खत्म होने के बाद पांच दिन के भीतर टैबलेट जमा करना अनिवार्य होगा। इसी तरह दसवीं के जो विद्यार्थी उसी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ग्यारहवीं में पढ़ाई जारी रखेंगे, उन्हें टैबलेट जमा नहीं करना होगा। जो छात्र स्कूल बदलेंगे, उन्हें टैबलेट लौटाना पड़ेगा।
ग्यारहवीं के केवल वे छात्र, जो स्कूल लिविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी) लेकर स्कूल छोड़ रहे हैं, उन्हें टैबलेट जमा करना होगा। जो छात्र उसी स्कूल में बारहवीं में प्रवेश लेंगे, उनसे टैबलेट नहीं लिया जाएगा। टैबलेट जमा न करने पर बोर्ड की ओर से परिणाम रोका जा सकता है। एसएलसी, डीएमसी (अंक प्रमाण पत्र) और चरित्र प्रमाण पत्र तभी मिलेगा जब टैबलेट जमा कराया जाएगा। विद्यार्थियों को टैबलेट के साथ चार्जर, सिम कार्ड और अन्य दिया गया सामान भी वापस करना अनिवार्य है। कक्षा प्रभारी टैबलेट एकत्रित करने के लिए जिम्मेदार होंगे।