स्कूलों में सुबह की प्रार्थना के साथ गायत्री मंत्र बोलना होगा अनिवार्य: खट्टर

2/24/2018 4:21:47 PM

चंडीगढ़(ब्यूरो):  हरियाणा के सभी स्कूलों में अब सुबह की प्रार्थना के साथ गायत्री मंत्र बोलना अनिवार्य होगा। इस बारें में बात करते हुए सीएम खट्टर ने कहा कि हमने इस मुद्दे को लेकर शिक्षा विभाग के सभी अधिकारियों से बैठक की है। उन्होंने कहा कि गायत्री मंत्र हमारे संतों ने हमें उपहार के रूप में दिया है। जिसे स्कूलों में सुबह की प्रार्थना के साथ बोलना बेहद जरूरी है। इस बारें में उन्होंने कहा कि वो मंगलवार को अधिसूचना जारी करेंगे।वहीं, शिक्षा का स्तर बढ़ाने को लेकर उन्होंने कहा कि हमें ये कोशिश करनी चाहिए कि शिक्षा का स्तर कैसे बढ़े। इसमें नैतिकता कैसे आंए। उनमें किस तरह के संस्कार डाले जाएं। इन सबको लेकर बहुत से विषयों पर शिक्षा विभाग ने विचार किया।

यूपी के मथुरा में होली उत्सव में पहुंचे हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर ने हरियाणा के स्कूलों में सुबह की प्रार्थना में गायत्री मंत्र बोलना अनिवार्य बताया। सीएम ने कहा कि गायत्री मंत्र हमारे संत और महात्माओं की भेंट है। इसे स्कूलों में अनिवार्य करने के पीछे उन्होंने इसकी वजह शिक्षा के स्तर को ऊंचा करना बताया। साथ ही कहा कि वो इसपर मंगलवार को नोटिफिकेशन भी जारी कर देंगे। इस बारे में हरियाणा के शिक्षा मंत्री आरबी शर्मा ने भी हामी भरते हुए कहा, कि ये अत्यन्त जरूरी है।
 

गायत्री मंत्र के साथ ही प्रदेश की सभी यूनिवर्सिटी व कॉलेजों से 7 दिन के अंदर छात्रों व स्टाफ का धर्म के हिसाब से ब्योरा मांगा गया है। जिसे लेकर विभाग के डेप्युटी डायरेक्टर ने कॉलेजों को लेटर जारी किया है। 

उल्लेखनीय है कि शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों के लिए गाइडलाइन जारी कर दिए है। अबसे हरियाणा के सभी स्कूलों में प्रार्थना की शुरुआत गायत्री मंत्र के साथ की जाएगी। साथ ही राष्ट्रगान के साथ प्रार्थना को खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि  गायत्री मंत्र का पाठ भी सभी स्कूलों में नहीं करवाया जाता है। जिला शिक्षा अधिकारी का कहना है कि सभी स्कूलों को कह दिया गया है कि वो नियमों का पालन करें।