फरीदाबाद में 50 एकड़ में बनेगी साइंस सिटी, सीएम बोले- नए वैज्ञानिक शोध और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा

1/21/2024 7:12:50 PM

फरीदाबाद: ट्रांसलेशनल स्वास्थ्य विज्ञान और प्रौद्योगिकी संस्थान में नौवें भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव के समापन समारोह में शनिवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने फरीदाबाद में 50 एकड़ भूमि पर साइंस सिटी बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस कदम से नए वैज्ञानिक शोध और नवाचार को बढ़ावा मिलेगा। जिले में जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कृतसंकल्प है। नए वैज्ञानिक शोध नवाचार को बढ़ावा देने के लिए सरकार फरीदाबाद में 50 एकड़ में साइंस सिटी की स्थापना करेगी। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री ने कहा, विज्ञान महोत्सव में छात्र, शिक्षक, शोधकर्ता, वैज्ञानिक, उद्यमी, शिक्षाविद, स्टार्टअप और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भागीदारी की है जो बधाई के पात्र हैं। यह विज्ञान महोत्सव विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को उजागर करने और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े लोगों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान का मंच बना है।

 

हर ज़िले में बनाए जा रहे साइंस क्लब
मुख्यमंत्री ने कहा कि साइंस की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए हर जिले के 10 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में साइंस क्लब बनाए जा रहे हैं। क्लब युवा छात्रों के बीच साइंटिफिक सोच व जागरूकता पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। प्रदेश के मेधावी वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करने के लिए उन्हें हरियाणा विज्ञान रत्न और युवा विज्ञान रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर आयोजित समारोह में 2019, 2020 व 2021 के लिए 11 वैज्ञानिकों को सम्मानित किया गया है। हरियाणा विज्ञान रत्न पुरस्कार की राशि दो लाख से बढ़ाकर चार लाख रुपये की गई है।

Content Writer

Isha