बेलदार की पिटाई का मामला: पुलिस ने एसडीओ और रिटायर्ड कर्मचारी को किया गिरफ्तार

9/4/2021 3:59:02 PM

फतेहाबाद (रमेश कुमार): फतेहाबाद में पब्लिक हेल्थ विभाग के बेलदार की पिटाई मामले में पुलिस ने एसडीओ आशीष गर्ग तथा विभाग के एक रिटायर्ड कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को शहर फतेहाबाद से ही गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में जो केस दर्ज हुआ था, उसमें रिटायर्ड कर्मचारी का नाम नहीं था, लेकिन अब गिरफ्तारी के बाद पता चला है कि बेलदार की सारी रैकी उसने ही करवाई थी। आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि सिरसा के किसी व्यक्ति से 2 लाख रुपये में कांट्रैक्ट हुआ था, जिसके भेजे चार युवकों ने हमला किया था। पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर बाकी आरोपियों और पूरी घटनाक्रम की जानकारी जुटाएगी।  



इस संबंध में डीएसपी दलजीत सिंह ने बताया कि हमले में साजिश रचने के आरोपी एसडीओ आशीष गर्ग और उसे शिकायतकर्ता की पूरी इन्फॉर्मेशन देने वाले रिटायर्ड कर्मचारी मदन लाल को काबू किया है। मदन लाल नहर कॉलोनी का रहने वाला है और उसने घर का पता व अन्य जानकारी एसडीओ को दी थी। उन्होंने बताया कि यह हमला एसडीओ ने मदन लाल के सहयोग से करवाया था और कुछ अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आई है। 

अभी तक इस हमले के लिए 2 लाख में बात होने और एक लाख रुपये देने की बात सामने आई है। उन्होंने बताया कि बेलदार विनोद ने आरटीआई लगा रखी थी, जिसके चलते यह घटना हुई। इस घटनाक्रम का बिचौलिया सिरसा का रहने वाला है, जिसको रुपये दिए गए और उसके ही लोगों ने हमला किया, उसकी गिरफ्तारी भी करवाई जाएगी।  



बता दें कि बेलदार विनोद पर 20 अगस्त को भाटिया कॉलोनी के पास बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया था। जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गया था। इस मामले में विनोद ने एसडीओ आशीष गर्ग, जेई रमेश, गिरीश, अश्विनी व एक ठेकेदार राय सिंह के खिलाफ साजिश रचकर उस पर हमला करवाने के आरोप जड़े थे। जिस पर पुलिस ने उक्त लोगों पर साजिश रचने व चार अन्य युवकों पर हमला करने के आरोप में धारा 323, 341, 506, 120 बी के तहत मामला दर्ज किया था। 

विनोद का कहना था कि उसने आरटीआई के माध्यम से भ्रष्टाचार उजागर किया था, जिसके चलते उस पर हमला करवाया गया। वहीं इस मामले में गिरफ्तारी की मांग को लेकर विभाग के कर्मचारी आंदोलन छेड़े हुए थे। उन्होंने 1 सितंबर को शहर की पेयजल सप्लाई रोक दी थी और 6 तारीख को ग्रामीण क्षेत्रों की सप्लाई रोकने का अल्टीमेटम दिया हुआ था। उससे पहले ही पुलिस ने बीती शाम दो लोगों को पकड़ लिया। 

 

(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)

 

Content Writer

vinod kumar